धारचूला (पिथौरागढ़)। धारचूला निवासी एक बुजुर्ग की पैर फिसलकर नदी में गिरने से मौत हो गई है। उनका शव छारछुम (बलुवाकोट) के पास महाकाली नदी से बरामद किया गया।
रविवार सुबह करीब पौने नौ बजे बलुवाकोट थाना पुलिस को छारछुम के पास महाकाली नदी के किनारे एक बुजुर्ग का शव पड़े होने की सूचना मिली। बलुवाकोट थाने से उप निरीक्षक मनोज सिंह अधिकारी के नेतृत्व में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। बुजुर्ग की शिनाख्त बहादुर सिंह (90) निवासी सिनेमा लाइन धारचूला के रूप में हुई। शनिवार की शाम बुजुर्ग के परिजनों ने धारचूला थाने में बुजुर्ग के लापता होने की सूचना दी थी। मृतक के परिजनों के अनुसार बुजुर्ग शनिवार को पैर फिसलने से नदी में गिर गए थे। पुलिस की सूचना पर मृतक के परिजन मौके पर पहुंचे। उप निरीक्षक मनोज सिंह अधिकारी ने शव का पंचनामा भर कर पोस्टमार्टम के लिए धारचूला भिजवाया। पोस्टमार्टम के बाद मृतक का शव परिजनों को सौंप दिया गया।