पिथौरागढ़। क्वीतड़ में खाई में गिरने से एक युवक की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को खाई से निकाल पोस्टमार्टम कराया।
वड्डा पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बुधवार की शाम एक युवक काम के लिए क्वीतड़ गांव पहुंचा। उसने बताया कि वह बढ़ई का काम करता है। ग्रामीणों को उस पर शक हुआ और उन्होंने उससे पूछताछ की तो वह क्वीतड़ में रिश्तेदारी होने की बात कहने लगा। बाद में ग्रामीण रात सात बजे उसे सड़क तक छोड़ आए।
बताया जाता है कि रात को उक्त युवक चट्टान से नीचे खाई में गिर गया। एसएसबी कैंप में घास काटने गई एक महिला ने खाई में शव देखा। उसने इसकी सूचना एसएसबी जवानों को दी।
एसएसबी ने वड्डा चौकी में मामले की जानकारी दी। बृहस्पतिवार शाम पुलिस अधीक्षक आरसी राजगुरु, सीओ राजन सिंह रौतेला जवानों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और शव को खाई से बाहर निकाला।
एसआई किशोर पंत ने बताया कि मृतक का नाम भूपेंद्र कुमार (34) पुत्र गोपाल राम निवासी मातोली थाना अस्कोट है। शुक्रवार को एसडीआरएफ की टीम ने भी घटनास्थल पर जांच की। बताया कि फिलहाल पुलिस को तहरीर नहीं मिली है।