डीडीहाट (पिथौरागढ़)। नगर की यातायात व्यवस्था को सही करने के लिए पुलिस ने नो पार्किंग जोन पर खड़े वाहनों का चालान काटना शुरू कर दिया है। पिछले दिनों एसडीएम वैभव गुप्ता की अध्यक्षता में हुई बैठक में नगर के मुख्य बाजार को नो पार्किंग जोन बनाने का निर्णय लिया था।
पुलिस विभाग पिछले एक सप्ताह से रोजाना लाउडस्पीकर से नगर की मुख्य सड़कों पर चौपहिया वाहनों को खड़ा न करने की चेतावनी दे रहा है। बावजूद इससे स्टेशन रोड, तहसील रोड पर वाहन खड़े किए जा रहे हैं। बृहस्पतिवार को पुलिस ने नो पार्किंग जोन पर खड़े 12 वाहनों का चालान किया।
थानाध्यक्ष पीआर अंगारी ने कहा कि सोमवार से नो पार्किंग जोन पर खड़े वाहनों को क्रेन से उठाकर थाने में खड़ा कर दिया जाएगा। वाहन मालिकों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, व्यापारी गोकुल उप्रेती का कहना है कि जो लोग छोटे वाहनों से दुकानों से सामान ले आते हैं, उन्हें वाहन खड़ा करने की अनुमति पुलिस को देनी चाहिए।