पिथौरागढ़ में मासिक अपराध गोष्ठी में एसपी ने सराहनीय कार्य करने वाले पुलिस कर्मियों को सम्मानित
- फोटो : PITHORAGARH
पिथौरागढ़। एसपी लोकेश्वर सिंह ने शुक्रवार को पुलिस लाइन में सभी थाना प्रभारियों और शाखा प्रभारियों के साथ मासिक अपराध बैठक की। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन कराने के निर्देश दिए। एसओजी के आरक्षी अशोक बुदियाल और साइबर सेल के आरक्षी मनोज कुमार को उत्कृष्ट कार्य करने के लिए माह का श्रेष्ठ कर्मचारी का पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
इस दौरान एसपी ने पुलिस अधिकारी और कर्मचारियों की समस्याएं सुनीं। एसपी ने धार्मिक पर्यटन स्थलों पर हुड़दंग, नशा, गंदगी करने वालों के चालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने मजदूर, बाहरी व्यक्तियों, फड़-फेरी, रेहड़ी, ठेले लगाने वाले लोगों और किराएदारों के सत्यापन करने के निर्देश दिए। वारंटियों को न्यायालय में पेश करने, निर्धारित समय के बाद डीजे, लाउडस्पीकर बजाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के लिए कहा। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक दूरसंचार बीबी तिवारी, सीओ महेश चंद्र जोशी, सीओ विनोद कुमार थापा, सीओ ऑपरेशन सुमित पांडे, एलआईयू निरीक्षक रोहित जोशी, प्रतिसार निरीक्षक नरेंद्र कुमार आर्या, यातायात निरीक्षक प्रताप सिंह नेगी मौजूद रहे।