डीडीहाट (पिथौरागढ़)। अराजक तत्वों ने चौबाटी-जौरासी सड़क पर पानी के टैंकर में आग लगा दी, जबकि एक मिक्सर का डीजल टैंक तोड़ दिया। ठेकेदार की तहरीर पर राजस्व पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
ग्राम चौबाटी निवासी भगवान सिंह देउपा चौबाटी-बोराबुंगा-जौरासी सड़क का निर्माण कार्य करवा रहे हैं। दीपावली पर काम बंद था। इस कारण पानी का टैंकर और मिक्सर सड़क किनारे खड़े थे। रविवार रात अराजक तत्वों ने मिक्सर के डीजल टैंक को तोड़कर क्षतिग्रस्त कर दिया और पानी के टैंकर में आग लगा दी। टैंकर का अगला हिस्सा पूरी तरह से जल गया। सोमवार को जब ठेकेदार भगवान सिंह निर्माण कार्य देखने के लिए मौके पर पहुंचे तो घटना का पता चला। उनके मुताबिक उन्हें लाखों का नुकसान हुआ है। उनकी तहरीर पर राजस्व उपनिरीक्षक विनोद कुमार ने मौका मुआयना कर अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। इस घटना से स्थानीय लोगों में भी नाराजगी है। लोगों ने राजस्व पुलिस से इस घटना में लिप्त तत्वों का पता लगाकर उनके खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।