थल के रामलीला मैदान में आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता में शॉट लगाता बल्लेबाज। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : PITHORAGARH
थल (पिथौरागढ़)। रामलीला मैदान में यूथ सोसाइटी की ओर से आयोजित प्रथम डॉ. बीरेंद्र जंगपांगी स्मृति क्रिकेट टूर्नामेंट में स्पोर्ट्स क्लब बलतिर और वर्ल्ड एकादश बेड़ीनाग ने मैच जीतकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। प्री-क्वार्टर फाइनल में बलतिर ने कनालीछीना और बेड़ीनाग ने बागेश्वर को हराया। बंटी और लक्ष्मण मैन ऑफ मैच रहे।
रामलीला मैदान में पहला प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबला स्टार इलेवन कनालीछीना और स्पोर्ट्स क्लब बलतिर के बीच खेला गया। टॉस जीतकर कनालीछीना की टीम ने 15 ओवर में चार विकेट पर 135 रन बनाए। आकाश ने 36 गेंदों पर सात छक्के और पांच चौकों की मदद से 71, नीरज ने 29 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा कर बलतिर 12 ओवर में पांच विकेट से मैच जीता। 34 गेंदों में नौ छक्कों की मदद से नाबाद 68 रन बनाने पर लक्ष्मण मैन ऑफ मैच रहे।
दूसरा प्री-क्वार्टर फाइनल कर्म्याल एकेडमी बागेश्वर और विश्व एकादश बेड़ीनाग के बीच खेला गया। बेड़ीनाग की टीम 129 रन ही बना सकी। बंटी ने सर्वाधिक 41 रन बनाए। बागेश्वर की टीम 91 रन ही बना सकी। बेड़ीनाग ने 38 रन से मैच जीत लिया। बेड़ीनाग के बंटी मैन ऑफ द मैच रहे। दोनों मैच में सुनील धौनी, निक्का कुमार, नीरज जोशी निर्णायक रहे। आंखों देखा हाल राघव कुमार और महिपाल टम्टा ने सुनाया।