सल्ला प्रीमियर लीग क्रिकेट प्रतियोगिता की विजेता टीम।
- फोटो : PITHORAGARH
पिथौरागढ़। सल्ला प्रीमियर लीग (एसपीएल) क्रिकेट प्रतियोगिता में चंद वॉरियर्स की टीम ने चैंपियनशिप जीत ली। चंद वॉरियर्स ने फाइनल में बिंदास इलेवन तरागढ़ा को 7 विकेट से हराया। प्रतियोगिता में 30 टीमों ने भाग लिया।
रविवार को सल्ला खेल मैदान में फाइनल मुकाबला चंद वॉरियर्स और बिंदास इलेवन तरागढ़ा की टीमों के बीच खेला गया। मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश प्रवक्ता सुरेश जोशी, अति विशिष्ट अतिथि पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष वीरेंद्र बोहरा और विशिष्ट अतिथि प्रकाश चंद राजन ने खिलाड़ियों का परिचय प्राप्त कर मैच शुरू कराया। बिंदास इलेवन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। पूरी टीम 19.3 ओवर में 129 रन पर आउट हो गई। लक्ष्य का पीछा करने उतरी चंद वॉरियर्स ने जीवन मेहता के नाबाद 50 और दीपक के नाबाद 44रनों की मदद से 12.3 ओवर में मैच आसानी से जीत लिया।
प्रतियोगिता में मैन ऑफ द सीरीज के साथ ही मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार चंद वॉरियर्स के जीवन मेहता को दिया गया। विजेता और उपविजेता टीम को नकद पुरस्कार और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। इस दौरान एसपीएल के प्रकाश भाट, राकेश घटाल, अर्जुन चंद, मनोज सिंह भाट, शमशेर चंद शामिल रहे।