धरमघर (पिथौरागढ़)। बाबा बर्फानी क्रिकेट क्लब में दसौली और लोहाथल की टीमें अगले चक्र में पहुंच गई है। दसौली ने पल्ला कराला और लोहाथल ने मझेड़ा को हराया।
कराला रमतोली खेल मैदान में क्रिकेट का पहला मुकाबला पल्ला कराला और दसौली की टीमों के बीच खेला गया। मुख्य अतिथि पूर्व सैनिक धनी राम ने खिलाड़ियों का परिचय प्राप्त कर मैच शुरू कराया। पल्ला कराला ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी कर 12 ओवर में 93 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी दसौली की टीम ने आठ विकेट खोकर 11वें ओवर में मैच जीत लिया। दूसरा मैच लोहाथल और मझेड़ा के बीच खेला गया। लोहाथल ने पहले खेलते हुए 12 ओवर में 98 रन बनाए। मझेड़ा की टीम 75 रन पर ऑलआउट हो गई। इस तरह से लोहाथल ने 23 रन से मैच जीत लिया। मैच के मुख्य अतिथि पूर्व प्रधान नवीन राम रहे। मैचों में अंपायर की भूमिका पंकज कुमार, सूरज ने निभाई।