पहाड़ में होली 13 मार्च के बाद अपने पूरे शबाब में होगी लेकिन राजनीतिक दलों नेताओं और उनके समर्थकों के लिए 10 मार्च की तारीख किसी होली से कम नहीं है। विधानसभा चुनाव के परिणाम आने के बाद जहां पिथौरागढ़ और चंपावत जिले के छह प्रत्याशी जीत के रंग में रंगे नजर आएंगे , वहीं 36 प्रत्याशियों को हार का मुंह देखना पड़ेगा। बृहस्पतिवार को सुबह आठ बजे से शुरू होने वाली मतगणना में सबसे पहले पोस्टल बैलेटों की गिनती की जाएगी। सुबह नौ बजे से रूझान आने के अनुमान हैं। मतगणना को लेकर प्रशासन की टीम ने सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मतगणना स्थलों पर भारी संख्या में सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है।
सबसे पहले आएगा चंपावत और डीडीहाट के चुनाव परिणाम
चंपावत/पिथौरागढ़। जिले में पहले चंपावत विधानसभा सीट के चुनाव का नतीजा सामने आएगा। मतगणना के लिए हर विधानसभा क्षेत्र के लिए 12-12 टेबल लगी हैं। दोपहर 12 बजे बाद परिणाम आने का अनुमान है। जिले की दो विधानसभा सीटों की मतगणना के लिए 140 अधिकारी और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। चंपावत विधानसभा में मतगणना 13वें चक्र तक और लोहाघाट विधानसभा सीट में 16वें चक्र में मतगणना पूरी होगी। वहीं पिथौरागढ़ जिले में कम मतदान केंद्र होने के चलते सबसे पहले डीडीहाट विधानसभा सीट का परिणाम सबसे पहले आएगा। धारचूला विस क्षेत्र का परिणाम सबसे आखिर में आएगा।
पिथौरागढ़ में ईवीएम की मतगणना के लिए लगाई गईं 56 टेबल
पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ की चार सीटों की मतगणना पीजी कॉलेज के हॉल में होगी। ईवीएम मतगणना के लिए हर विधानसभा क्षेत्र में 14-14 टेबल लगेंगी। इस तरह चारों विधानसभा सीटों के लिए कुल 56 टेबल लगाई जाएंगी जबकि पोस्टल बैलेट की गणना के लिए प्रत्येक विधानसभा सीट में 10-10 टेबल लगाई गई हैं। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के लिए 10-10 टीमों के हिसाब से 40 मतगणना टीमें बनाई गई हैं। ईवीएम मतगणना के लिए रिजर्व सहित 288 कार्मिकों की तैनाती की गई है। इसमें 68 मतगणना सुपरवाइजर, 72 मतगणना सहायक और 88 माइक्रो ऑब्जर्वरों शामिल हैं, जबकि पोस्टल बैलेट कुछ गणना के लिए रिजर्व सहित 236 कार्मिक लगाए गए हैं। इसमें 44 सहायक रिट्रनिंग ऑफिसर, 48 माइक्रो ऑब्जर्वर, 48 सुपरवाइजर, 96 मतगणना सहायक शामिल हैं।
सुरक्षा चाक चौबंद
पिथौरागढ़। मतगणना को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद की गई है। पूरे परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। मतगणना शांति पूर्वक संपन्न कराने के लिए तीन डिप्टी एसपी, आठ इंस्पेक्टर और 230 सुरक्षा बल मौजूद रहेगा। जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने बताया कि मतगणना को देखते हुए जिला प्रशासन की ओर से सभी व्यवस्थाएं चाक चौबंद रखी गई हैं।
गोरलचौड़ मार्ग में बंद रहेगी वाहनों की आवाजाही
चंपावत। मतगणना के दिन जिला मुख्यालय के गोरलचौड़ मार्ग पर सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही पूर्णतया बंद रहेगी। राष्ट्रीय राजमार्ग सहित अन्य मार्गों में यातायात जारी रहेगा। एसपी देवेंद्र पींचा ने बताया कि मतगणना केंद्र की ओर जाने वाले मार्ग पर पुलिस बैरिकेडिंग कराएगी। इस दौरान किसी भी अनधिकृत व्यक्ति को मतगणना केंद्र के आसपास नहीं आने दिया जाएगा। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस का व्यापक इंतजाम रहेगा।
वन पंचायत सभागार में होगी चंपावत की मतगणना
चंपावत। विधानसभा चुनाव की मतगणना के लिए प्रशासन की ओर से सभी तैयारी पूरी कर ली गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी डीएम विनीत तोमर ने बताया कि चंपावत विस सीट की मतगणना गोरलचौड़ मैदान के वन पंचायत सभागार में होगी जबकि लोहाघाट विस क्षेत्र की मतगणना नगर पालिका हॉल के प्रथम तल में होगी।
चंपावत सीट से दांव पर सीएम और पूर्व सीएम की प्रतिष्ठा
चंपावत। जिले में चंपावत विधानसभा सीट से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है। चुनाव प्रचार के दौरान मुख्यमंत्री ने टनकपुर-बनबसा क्षेत्र में दो बार भाजपा प्रत्याशी कैलाश गहतोड़ी के लिए वोट मांगे थे। चंपावत सीट से कांग्रेस के पूर्व सीएम हरीश रावत की प्रतिष्ठा भी दांव पर है। इस सीट पर पूर्व में दो बार विधायक रह चुके हेमेश खर्कवाल पांचवीं बार चुनाव मैदान में हैं। उन्हें हरीश रावत का खास समझा जाता है। दूसरी ओर लोहाघाट सीट पर दो बार विधायक रहे चुके भाजपा प्रत्याशी पूरन सिंह फर्त्याल के सामने लगातार तीसरा विधानसभा चुनाव जीतने की चुनौती है।
600 मतदान केंद्र बनाए गए थे इस बार जिले में
पिथौरागढ़। इस बार विधान सभा चुनावों में कुल 600 मतदान केंद्र बनाए गए थे। जिनमें से धारचूला विधान सभा क्षेत्र में सबसे अधिक 157 मतदान केंद्र थे। गंगोलीहाट में 151, पिथौरागढ़ में 151 जबकि डीडीहाट में सबसे कम 141 मतदान केंद्रों की ईवीएम खुलेंगी। इस बार चुनाव में चंपावत विस सीट में 151 और लोहाघाट में 182 बूथ बनाए गए थे। मतगणना के लिए 140 अधिकारी और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। चंपावत विधानसभा में मतगणना 13वें चक्र तक और लोहाघाट विधानसभा सीट में 16वें चक्र में मतगणना पूरी होगी।
जीत के अपने-अपने दावे
केंद्र और राज्य सरकार ने विकास कार्य किए हैं। विकास के नाम पर विधान सभा चुनावों में जनता का समर्थन मिला है। पिथौरागढ़ जिले की चारों विधान सभा सीटों में भाजपा की जीत होगी। - वीरेंद्र सिंह वल्दिया, जिलाध्यक्ष भाजपा। पिथौरागढ़।
महंगाई, भ्रष्टाचार से त्रस्त जनता ने परिवर्तन का मन बनाया है। कांग्रेस शासनकाल में शुरू विकास कार्य रुके हुए हैं। उम्मीद है कांग्रेस पिथौरागढ़ जिले की चारों सीटों पर जीत दर्ज करेगी। - त्रिलोक सिंह महर, जिलाध्यक्ष कांग्रेस। पिथौरागढ़।
आज तक सत्ता में काबिज भाजपा-कांग्रेस ने विकास के नाम पर केवल ठगी की है। आम आदमी पार्टी एक विजन के साथ चुनाव मैदान में उतरी है। जनता से अच्छे समर्थन की उम्मीद है। - चंद्रप्रकाश पुनेड़ा, जिलाध्यक्ष एवं प्रत्याशी आप पिथौरागढ़।
कांग्रेस ने भाजपा के डबल इंजन की सरकार के खिलाफ पूरे दम-खम से विधानसभा चुनाव लड़ा है। मतदाताओं के समर्थन और एग्जिट पोल के नतीजों के अनुसार कांग्रेस जिले की दोनों सीटों में प्रचंड बहुमत हासिल करेगी। - पूरन सिंह कठायत, जिलाध्यक्ष, कांग्रेस, चंपावत।
भाजपा की ओर से जिले की दोनों विधानसभा सीटों में पिछले चुनाव के प्रदर्शन को दमदार तरीके से दोहराया जाएगा। चुनाव प्रचार के दौरान मतदाताओं की ओर से मिले अपार समर्थन को देखते हुए यह तय है दोनों सीटें भाजपा जीतेगी और पार्टी की सरकार पुन: बनेगी। - दीप चंद्र पाठक, जिलाध्यक्ष, भाजपा, चंपावत।
आम आदमी पार्टी ने जमीनी मुद्दों को जिले में प्रभावी ढंग से उठाया। जन मुद्दों को लेकर आप को विधानसभा चुनाव में अच्छा समर्थन मिला है। उम्मीद है कि ये समर्थन चुनाव नतीजे में भी परिलक्षित होगा। पार्टी को जिले की दोनों सीटों पर दमदार प्रदर्शन की उम्मीद है। - मदन सिंह महर, जिला प्रभारी, आम आदमी पार्टी, चंपावत।
निर्णायक की भूमिका में रहेंगी महिलाएं
पिथौरागढ़/चंपावत। पिथौरागढ़ और चंपावत जिलों में इस बार मातृशक्ति ने बढ़-चढ़कर लोकतंत्र के महापर्व में हिस्सा लिया। दोनाें जिलों की सभी छह विधानसभा सीटों पर मतदान करने में महिलाएं पुरुषों से आगे रहीं। ऐसे में सरकार बनाने में महिलाओं मतदाताओं की भूमिका अहम होने जा रही है।
पिथौरागढ़ की गंगोलीहाट विस सीट में पुरुषों से कम संख्या में होने के बावजूद महिलाओं ने लगभग 10 प्रतिशत अधिक मतदान किया है। गंगोलीहाट में कुल 102791 मतदाताओं में से 56423 ने मतदान किया। इसमें 26753 पुरुष (50.55फीसदी), जबकि 29670 महिला (59.50फीसदी) मतदाता शामिल हैं। धारचूला में 87747 से से 54699 मत पड़े। यहां 26924 (61.60 फीसदी) पुरुष और 27775 (63.07 फीसदी) महिलाओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था। डीडीहाट में 82849 में से 52611 लोगों ने वोट दिया। इसमें 25271 (62.15) पुरुष और 27340 (64.81 फीसदी) महिला मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। पिथौरागढ़ विस क्षेत्र में 109705 में से 67303 मतदाताओं ने वोट डाले। 31974 (58.78 फीसदी) पुरुष और 35329 (63.88 फीसदी) महिलाओं ने मताधिकार का प्रयोग किया है।
चंपावत विस क्षेत्र में कुल 96016 मतदाताओं में से 63370 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया है। इनमें 32602 महिला मतदाता और 30768 पुरुष मतदाता शामिल हैं। इसी प्रकार लोहाघाट विस क्षेत्र में कुल 107240 मतदाताओं में से 62326 ने मतदान किया। इनमें 34050 महिलाएं और 28276 पुरुष मतदाता शामिल हैं।