पिथौरागढ़। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. एसएस नबियाल ने लोगों से किसी भी प्रकार के जंगली मशरूम, ल्यूण और फर्न का सेवन न करने की अपील की है। उनका कहना है कि यह जानलेवा साबित हो सकता है।
जिले के मुनस्यारी में मशरूम खाने से एक वृद्धा और उसकी नातिन की मौत और अब ल्यूण की सब्जी खाने से एक महिला के बीमार पड़ने पर स्वास्थ्य विभाग भी सचेत हो गया है। सीएमओ डॉ. नबियाल ने कहा है कि कुछ जंगली मशरूम में जहर होता है। अगर आप इन्हें खाते हैं तो उसके जहर से बीमार पड़ सकते हैं। इसे मशरूम प्वाइजनिंग कहते हैं। यह इतना खतरनाक होता है कि अधिक खाने पर इन्सान की जान ले सकता है।
डॉ. नबियाल के मुताबिक जहरीले जंगली मशरूम को खाने लायक बनाने का कोई भी तरीका नहीं है। उन्हें पकाकर, भिगोकर, छीलकर या सुखाकर उनके जहर से छुटकारा नहीं पाया जाता है। जहरीले जंगली मशरूम खाने से जी मिचलाना, उल्टी, पेट में दर्द या ऐंठन, दस्त, मतिभ्रम जैसी समस्याएं हो सकती हैं। कुछ मशरूम यकृत विफलता, गुर्दे की विफलता और मृत्यु का कारण बन सकते हैं। अपने बगीचे या पार्क में किसी भी मशरूम को न पनपने दें और अपने बच्चे को भी वहां खेलने देने से पहले उन्हें हटा दें।