विकासखंड मूनाकोट के सुवाकोट गांव में बिजली के ज्यादा बिल आने से उपभोक्ता खासे नाराज हैं। उपभोक्ताओं ने यह मामला क्षेत्र के भ्रमण पर पहुंचे भाजपा प्रदेश प्रवक्ता सुरेश जोशी के सामने रखा।
सुवाकोट के लोगों का कहना है कि गांव में बिजली की सप्लाई वैसे ही अनियमित रहती है लेकिन बिल मनमाने तरीके से दिए जाते हैं। इनमें सुधार के लिए जब अधिकारियों से बात की जाती है तो वह कोई गौर नहीं करते। गरीब परिवारों के सामने इतना ज्यादा बिल अदा करने में समस्या आ रही है। विद्युत विभाग ने सभी उपभोक्ताओं को वसूली के नोटिस जारी किए हैं और मार्च तक बिलों का भुगतान करने को कहा है।
श्री जोशी ने मौके से ही समस्या की जानकारी विद्युत विभाग के उपखंड अधिकारी वीके बिष्ट को दी। उन्होंने कहा कि बिलों की गड़बड़ी दूर करने के लिए गांव में कैंप लगाया जाए। साथ ही लोगों को उपभोग के आधार पर ही बिल दिए जाएं। उन्होंने कहा है कि यदि बिलों की गड़बड़ी दूर नहीं की गई तो भाजपा ग्रामीणों को साथ लेकर विद्युत विभाग के दफ्तर का घेराव करेगी।