पिथौरागढ़। दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए युवाओं के आंदोलन के बाद पुलिस विभाग में भी हड़कंप है। पुलिस कर्मी इस आंदोलन से प्रेरित होकर विभाग के खिलाफ सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट कर रहे हैं। जंतर-मंतर पर कांस्टेबल शेर सिंह के आपत्तिजनक बयान देने के बाद फिर से ऐसा ही मामला सामने आया है। विभाग ने आपत्तिजनक वीडियो प्रसारित करने पर एक कांस्टेबल को निलंबित किया है।
पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रह्लाद कोंडे ने बताया कि पिथौरागढ़ में नियुक्त कांस्टेबल अमित कुमार को बीते 23 जुलाई को कांवड़ मेला ड्यूटी में हरिद्वार भेजा गया था। उन्होंने सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक व भड़काऊ सामग्री प्रसारित कर विभाग की छवि धूमिल करने का काम किया। 30 जुलाई को उन्होंने वर्दी में सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक वीडियो प्रसारित की। ऐसे में उन्हें इस कृत्य के लिए निलंबित किया गया है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि कांस्टेबल पूर्व में रुद्रप्रयाग में तैनात था। वहां से अनुशासनहीनता के चलते उनका स्थानांतरण पिथौरागढ़ जिले में किया गया। पूर्व में भी उनके खिलाफ कई बार विभागीय कार्रवाई हो चुकी है।