चंपावत। जिले के उप जिला चिकित्सालय टनकपुर में मेडिसिन विशेषज्ञ (फिजिशियन) डॉ. रेशमा यादव की तैनाती के आदेश जारी कर दिए हैं। कोटद्वार से स्थानांतरित की गईं डॉ. यादव के कार्यभार संभालने से टनकपुर और आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को गंभीर और जटिल बीमारियों के इलाज के लिए स्थानीय स्तर पर विशेषज्ञ सेवाएं मिल सकेंगी, इससे जनपदों में रेफर होने वाले मरीजों की संख्या कम होने की उम्मीद है।
शासन के उप सचिव की ओर से जारी आदेश में पूर्व में उप जिला चिकित्सालय कोटद्वार (पौड़ी गढ़वाल) में तैनात डॉ. रेशमा के तैनाती आदेश में संशोधन करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से उप जिला चिकित्सालय टनकपुर में नियुक्त किया गया है। अस्पताल में लंबे समय से मेडिसिन विशेषज्ञ की कमी महसूस की जा रही थी।
सीएमओ डॉ. देवेश चौहान ने बताया कि डॉ. रेशमा यादव के कार्यभार ग्रहण करने से उप जिला चिकित्सालय टनकपुर की चिकित्सा सेवाओं की गुणवत्ता और क्षमता में वृद्धि होगी।