पिथौरागढ़। पेयजल समस्या से निजात दिलाने की मांग को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने खाली बर्तन हाथों में लेकर प्रदर्शन किया। उन्होंने मांग पूरी नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
बुधवार को प्रदेश महामंत्री महेंद्र सिंह लुंठी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय लोग सिल्थाम तिराहे में एकत्र हुए। उन्होंने खाली पानी की बाल्टी दिखाकर भाजपा की डबल इंजन की सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। पूर्व जिलाध्यक्ष त्रिलोक महर ने कहा सरकार ने ऐसा फरमान जारी किया है कि प्रदेश के पेयजल के सभी पब्लिक नल बंद कर दिए हैं। इससे गरीब व्यक्ति के परिवार को बिल्कुल भी पानी नहीं मिल पा रहा है। नगर अध्यक्ष भुवन जोशी ने कहा नगर में 20 वार्ड है लगभग 15 वार्ड में पानी नहीं आ रहा है। महेंद्र सिंह लुंठी ने कहा मूनाकोट में सोनपट्टी के सभी गांवों में पानी की किल्लत हो गई है। बिण ब्लॉक के लोदिया गैर, बूगां नेलतू दिगतोली, सिकड़ानी, किरीगांव में किल्लत है। जल संस्थान के पास 15 साल पुराने टैंकर हैं। जो खराब ज्यादा रहते हैं।
प्रदर्शन करने वालों में बिण ब्लॉक अध्यक्ष राकेश कुमार, सुधीर चौहान, जितेंद्र वल्दिया, होशियार सिंह लुंठी देवा, मोहन लाल चौधरी, सुरेश तिवारी, पूर्व सभासद चंद्रशेखर मखोलिया, दीपक बेलाल, दिगंबर सिंह, पुष्कर लोहिया, जावेद खान, भूरे मियां, मनोज कुमार, अनिल महरा, फरान अहमद, करन सिंह, पूरन लाल आदि शामिल रहे।
आधी आबादी का नहीं मिला पानी
पिथौरागढ़। आंवलाघाट पेयजल पंपिंग योजना में ब्रेकडाउन के चलते बुधवार को जिला मुख्यालय की आधी आबादी पानी से वंचित रही। ऊर्जा निगम की ओर से इन दिनों 11 केवी विद्युत लाइन से लगे पेड़ों की लोपिंग-चोपिंग एवं अनुरक्षण का कार्य किया जा रहा है। इसके चलते विभाग की ओर से मंगलवार को ब्रेकडाउन लिया गया था। इससे आंवलाघाट पेयजल योजना से पानी की पंपिंग नहीं हो पाई। बुधवार को जल संस्थान के बजेटी, पीडब्ल्यूडी जोन समेत सिनेमा लाइन, शिवालय, टकाना समेत कई मोहल्लों में लोगों को पानी उपलब्ध नहीं हो पाया। पानी नहीं आने से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। जिला मुख्यालय और ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को पानी मुहैया कराने के लिए आंवलाघाट के अलावा घाट, रई, ठुलीगाड़ से भी पानी की आपूर्ति की जाती है। अधिक परेशानी वाले क्षेत्रों में लोगों को टैंकर और पिकअप से पानी की आपूर्ति की जा रही है। बेड़ीनाग और गंगोलीहाट के कई गांवों में भी पेयजल संकट बना हुआ है। संवाद
तड़ाग में भी जल संस्थान के खिलाफ किया प्रदर्शन
लोहाघाट। बाराकोट के तड़ाग क्षेत्र में पेयजल समस्या को लेकर लोगों ने जल संस्थान के खिलाफ प्रदर्शन किया। बुधवार को विधायक प्रतिनिधि होशियार सिंह बोहरा के नेतृत्व में ग्रामीणों ने एड़ी मंदिर के पास प्रदर्शन कर नारे लगाए। उन्होंने बताया कि साल भर पहले हर घर जल हर घर नल योजना के तहत गांव में पानी खोला से तड़ाग नई बस्ती तक पेयजल योजना बनाई थी, लेकिन पेयजल स्रोत सूखने से गांव में पेयजल की किल्लत हो गई है। गांव में केवल एक हैंडपंप है वह भी करीब डेढ़ किमी दूर है। इस मौके पर लक्ष्मण सिंह, केदार सिंह देव, सिंह, पंकज सिंह, शांति देवी, मनीषा, कलावती देवी, दुर्गा देवी, अनीता देवी आदि मौजूद रहे। संवाद
पूर्णागिरि धाम में लाइन में कट लगा पानी की चोरी
टनकपुर (चंपावत)। मां पूर्णागिरि धाम क्षेत्र में जल संस्थान की पेयजल लाइन में कट लगाकर पानी चोरी का मामला सामने आया है। जल संस्थान के जेई विपिन कलोनी ने बताया कि धाम क्षेत्र की 65 मिमी की पाइप लाइन में आखिरी छोर तक पानी कम पहुंचने पर जांच में लाइन में कट लगाने का मामला सामने आया। काली मंदिर थाना इंचार्ज देवनाथ गोस्वामी, जेई कलोनी, योगेंद्र चंद, बाल राम ने जायजा लिया तो लाइन में कट मिला। जेई ने बताया कि पानी चोरी करने और मेन लाइन से छेड़छाड़ करते पकड़े जाने पर अभियोग किया जाएगा। संवाद
बनोली गांव में पाइप लाइन क्षतिग्रस्त करने का आरोप
चंपावत। ग्राम पंचायत बनौली में तीन महीने बीतने के बाद भी पांच अनुसूचित परिवारों को पानी नहीं मिला है। पीड़ित परिवारों का आरोप है कि एक व्यक्ति ने उनके घर तक आने वाली पाइप लाइन को क्षतिग्रस्त कर दिया है। ग्रामीण जगत राम, दीवान राम ने कहा कि वह डीएम से इसकी शिकायत करेंगे। संवाद
सार्वजनिक नल हटाए जाने के फरमान पर नाराजगी
पिथौरागढ़। जाग उठा पहाड़ के संयोजक राज्य आंदोलनकारी गोपू महर नगर क्षेत्र में लगाए गए सार्वजनिक हैंडपंप हटाने पर आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा है कि यदि सार्वजनिक स्टैंड पोस्ट हटाए गए तो तीन दिन में जल संस्थान में पानी पंचायत की जाएगी। यह भी कहा कि पिथौरागढ़ के करोड़ों रुपयों की आंवलाघाट पेयजल योजना का निर्माण किया गया है। घाट पंपिंग योजना पर करोड़ों रुपये खर्च हुए हैं। कई अन्य पेयजल योजनाएं हैं। इसके बावजूद लोगों को जरूरत का पानी नहीं मिल रहा है। उधर, यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव ऋषेंद्र महर ने कहा कि पब्लिक नलों को बंद करने का फरमान जनविरोधी है। संवाद