कांग्रेस ने स्थानीय लोगों का सत्यापन करने के विरोध में प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि सत्यापन की कार्रवाई से भवन स्वामी, व्यापारी वर्ग के साथ ही छात्र-छात्रा भी परेशान हैं। प्रदर्शन के बाद पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर स्थानीय के बजाय केवल नेपाली और बाहरी राज्यों से आए लोगों का सत्यापन करने की मांग उठाई।
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष मुकेश पंत के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। इसके बाद सभी कार्यकर्ता पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने कहा कि पुलिस की कार्रवाई और नियमों से स्थानीय लोग परेशान हैं। उन्होंने यहां के मूल निवासियों पर इस नियम को लागू न करने और केवल बाहरी मजदूरों, नेपाली नागरिकों या अन्य संदिग्धों का ही सत्यापन करने की मांग की।
कहा कि सत्यापन की कार्रवाई से शिक्षा अर्जन के लिए आए छात्रों को भी बेवजह परेशान होना पड़ रहा है। कार्यकर्ताओं ने स्थानीय निवासी, भवन स्वामी, व्यापारी जिनके नाम जनपद के विभिन्न अभिलेखों में दर्ज हैं उस परिवार में केवल परिवार के मुखिया का ही सत्यापन करने और सत्यापन की कार्रवाई को लचीला बनाने की मांग उठाई।
प्रदर्शन और ज्ञापन सौंपने वालों में निर्मल लोहिया, पवन पाटनी, दीपक तिवारी, राजेश शर्मा, कुंडल महर, कमल पांडेय, जगदीश बिष्ट, निशिथ उप्रेती, नितेश कुमार, मनु ठकुराठी, दीपक, महेश कुमार, सुरेश कुमार, गजेंद्र बिष्ट, कपिल कुमार, नीरज मेहता, राहुल धामी, विवेक पंत, रोशन कुमार, सूरज प्रसाद आदि कार्यकर्ता शामिल रहे।