पिथौरागढ़। क्वारंटीन सेंटरों और होटलों में रह रहे कोविड मरीजों को हो रही दिक्कतों से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में आक्रोश है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने स्वास्थ्य विभाग और सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर व्यवस्थाओं में सुधार करने की मांग की।
बुधवार को पूर्व प्रदेश प्रवक्ता भुवन पांडे और युकां जिलाध्यक्ष ऋषेंद्र महर के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलक्ट्रेट में स्वास्थ्य विभाग और सरकार के खिलाफ नारे लगाकर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि होटलों और क्वारंटीन सेंटरों में रह रहे कोविड के रोगियों को काफी दिक्कतें हो रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार और स्वास्थ्य विभाग कोविड के रोगियों को बेहतर सुविधा नहीं दे पा रही है।
युकां जिलाध्यक्ष ऋषेंद्र महर ने कहा कि होटलों में रह रहे कोविड के रोगियों से हीटर और गर्मपानी का अतिरिक्त शुल्क लिया जा रहा है जो गलत है। पूर्व प्रदेश प्रवक्ता भुवन पांडे ने कहा कि कोरोना के रोगियों को सरकार की ओर से मदद मिलनी चाहिए थी, लेकिन कोविड के रोगियों से उल्टा पैसा लिया जा रहा है। इस तरह कोविड रोगियों का शोषण बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पूर्व सभासद भुवन जोशी ने कहा कि सीमांत जिले में आए दिन कोविड के रोगियों की संख्या बढ़ती जा रही है।
प्रशासन को इसको लेकर जागरूकता अभियान चलाने की आवश्यकता है। प्रदर्शन में वरिष्ठ कांग्रेस नेता खीमराज जोशी, हिमांशु ओझा, योगेश नगरकोटी, जावेद खान, शिवम पंत, त्रिलोक बिष्ट, कुंडल महर, अभिषेक बोहरा, राकेश सौन, कार्तिक खर्कवाल ,लक्ष्मण कुमार, रजत विश्वकर्मा, रोहन सौन, भुवन जोशी शामिल रहे।