मुनस्यारी (पिथौरागढ़)। पर्यटन नगरी में मुनस्यारी महोत्सव का रंगारंग आगाज हो गया है। विभिन्न स्कूली बच्चों और लोक कलाकारों ने शानदार रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए। ठंड के बावजूद महोत्सव में भारी भीड़ रही है।
बृहस्पतिवार को मुनस्यारी महोत्सव का शुभारंभ मुख्य अतिथि पूर्व सीएम हरीश रावत ने किया। उन्होंने कहा कि मुनस्यारी महोत्सव रं संस्कृति का प्रतीक है। ये संस्कृति सीमांत के अंतिम छोर पर बैठे व्यक्तियों की पहचान है। उन्होंने कहा इससे सीमांत में पर्यटन कारोबार बढ़ेगा। विधायक हरीश धामी ने कहा कोरोना के बाद कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए मंच मिला है।
इससे पूर्व महोत्सव समिति के अध्यक्ष राजू पांगती के नेतृत्व में विभिन्न गांवों की महिला मंगल दलों और स्कूलों ने शास्त्री चौक से जोहार क्लब मैदान तक झांकियां निकालीं। इस दौरान कांग्रेस जनजाति प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष नरेंद्र रावत, ब्लॉक प्रमुख भावना देवी, जोहार क्लब अध्यक्ष केदार मर्तोलिया, श्रीराम धर्मशक्तू, धर्मेंद्र कुमय्या, हिमांशु धर्मशक्तू आदि थे।
रावत ने सरकार पर साधा निशाना
मुनस्यारी। पूर्व सीएम हरीश रावत ने महोत्सव में राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा सरकार आपदा पीड़ितों का दर्द भूल चुकी है। मुआवजे के नाम पर मामूली धनराशि देकर औपचारिकता निभाई है। आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा सरकार को जनता जरूर सबक सिखाएगी। यहां पहुंचे पूर्व सीएम ने सभी अपने चिर-परिचित अंदाज में अभिवादन किया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रही धूम
मुनस्यारी। पातो और धारचूला की टीम ने अपनी पारंपरिक वेशभूषा में काली ‘गंगा को पाला चला ओ साली’ पर शानदार प्रस्तुति दी। पिथौरागढ़ आयुष एकेडमी की छह साल की किरन कोटवाल को पूर्व सीएम ने महोत्सव में उत्तराखंड संगीत रत्न सम्मान दिया। किरन हारमोनियम, तबला, ढोलक, गिटार, बांसुरी, पैड, ड्रम, की-बोर्ड समेत 20 वाद्य यंत्र बजा लेती हैं। इसके अलावा वे हिंदी, कुमाऊंनी गीत गाती हैं।
विभिन्न विभागों ने लगाए स्टॉल
मुनस्यारी। विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाए। समस्त विभागों ने विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी लोगों को दी। लोगों से योजनाओं का लाभ लेने की अपील की।
कोरोना से बेखबर लोग
मुनस्यारी। महोत्सव में लोग कोरोना की तीसरी लहर से बेखबर नजर आए। कार्यक्रम में सुरक्षित दूरी तो थी ही नहीं, लोगों ने मास्क भी नहीं पहने थे। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने स्टॉल लगाकर जोहार क्लब मैदान में बाहर से आए व्यापारियों के आरटीपीसीआर सैंपल लिए और लोगों से मास्क पहनने की अपील की।
हरदा बोले, इसे सरकारी महोत्सव घोषित करेंगे
मुनस्यारी। पूर्व सीएम हरीश रावत ने महोत्सव के उद्घाटन अवसर पर डॉ. आर एस टोलिया, लवराज धर्मशक्तू, हुकुम सिंह पांगती, महान सर्वेयर पंडित नैन सिंह को मुनस्यारी का रत्न बताया। कहा कि सरकार आने पर इस महोत्सव को सरकारी घोषित करेंगे। इसके अलावा उन्होंने मिनी स्टेडियम का निर्माण कर आरएस टोलिया के नाम पर करने और रोजगार के अवसर युवाओं को दिए जाने की बात भी कही। इसके अलावा उन्होंने हरीश धामी की पीठ भी थपथपायी।