पिथौरागढ़। प्रदेश की राजधानी देहरादून के लिए संचालित विमान सेवा की बुकिंग कराना सीमांत के लोगों के लिए चुनौती बन गया है। विमान सेवा की साइट बंद होने से बीते 18 दिन से ऑनलाइन बुकिंग बंद है।
अधिकारियों ने दो दिन में बुकिंग साइट खोलने के दावे किए थे जो हवाई साबित हुए हैं। साइट बंद होने से लोग बुकिंग के लिए भटकने को मजबूर हैं। बुकिंग न होने से यात्री रोडवेज या टैक्सी से सफर कर रहे हैं।
प्रदेश की राजधानी देहरादून तक सीमांत के लोगों का सफर आसान बनाने के लिए विमान सेवा संचालित की गई है। यह सेवा लोगों को खासी राहत दे रही थी जो अब दर्द दे रही है।
ऐसा इसलिए कि बीते 18 दिन से विमान सेवा की बुकिंग साइट बंद है। यात्री हर रोज आसान सफर की उम्मीद में बुकिंग के लिए कंपनी की साइट खंगाल रहे हैं लेकिन उन्हें निराश होना पड़ रहा है।
सिर्फ नैनीसैनी एयरपोर्ट पर ही ऑफलाइन बुकिंग हो रही है लेकिन इसकी जानकारी हर किसी को नहीं है। ऐसे में ऑनलाइन बुकिंग न होने पर यात्री रोडवेज और टैक्सी के सहारे सफर करने के लिए मजबूर हैं। हैरानी की बात यह है कि जिले के आला अधिकारियों ने बीते बृहस्पतिवार को अगले दो दिन में साइट खुलने के दावे किए थे जो अब भी हवाई साबित हुए हैं और लोग बुकिंग के लिए भटकने को मजबूर हैं।
विमान सेवा की बुकिंग करने वाले अंकुर ने बताया कि हर रोज यात्री बुकिंग के लिए पहुंच रहे हैं। साइट बंद होने से उन्हें निराश लौटना पड़ रहा है। वहीं कनालीछीना के हरीश ने बताया कि उन्हें विवाह समारोह में शामिल होने के लिए महीने के अंत में देहरादून जाना है।
हर रोज बुकिंग के लिए अपने मोबाइल पर कंपनी की साइट खंगाल रहा हूं लेकिन कुछ हासिल नहीं हो रहा है।