पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ के देवलाल गांव में सर्किट हाउस का निर्माण किया जाएगा। सर्किट हाउस के निर्माण को लेकर राज्य संपत्ति विभाग के सचिव विनोद सुमन ने वीडियो कांफ्रेसिंग के माध्यम से जिलाधिकारी को दिशा निर्देश दिए हैं।
आरडब्लूडी के ईई पंकज कुमार ने बताया कि ग्राम देवलाल विण में राज्य अतिथि गृह निर्माण के लिए 14 नाली भूमि का आवंटन किया गया है। इसके लिए भूमि का स्वाॅइल टेस्ट करवा लिया गया है। आरडब्लूडी की ओर से पावर प्वाइंट प्रजेंटेशन के माध्यम से सर्किट हाउस का थ्रीडी मॉडल प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि सर्किट हाउस में चार तल होंगे। बेसमेंट का क्षेत्रफल 612. 96 वर्ग मीटर, भूतल का क्षेत्रफल 633.76 वर्ग मीटर, प्रथम तल का क्षेत्रफल 481.17 वर्ग मीटर और द्वितीय तल का क्षेत्रफल 601.77 वर्ग मीटर होगा। सर्किट हाउस का कुल क्षेत्रफल 2329.66 वर्ग मीटर प्रस्तावित है। अतिथि गृह में 36 गाड़ियों के लिए पार्किंग का निर्माण किया जाएगा। वीआईपी और वीवीआईपी गेस्ट रूम के साथ-साथ कमेटी रूम सहित विभिन्न कक्षों का निर्माण किया जाएगा।
राज्य संपत्ति सचिव ने कमेटी रूम को 50 व्यक्तियों के बैठने की क्षमता युक्त बनाने और भवन में कम से कम दो से तीन कॉमन टॉयलेट्स का निर्माण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने एक सप्ताह के भीतर अतिथि ग्रह का अंतिम मॉडल प्रस्तुत करने को कहा। वीसी में आरडब्लूडी के अधिशासी अभियंता समेत संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
..............