शहर के चंद्रभागा वार्ड के चोरसूला, सिनालपाटा क्षेत्र में पेयजल किल्लत को लेकर सोमवार को स्थानीय जनता भाजपा नेताओं के साथ सड़क पर उतरी। जिलाधिकारी कार्यालय परिसर में प्रदर्शन कर नई पाइप लाइन बिछाकर इलाके की पानी की समस्या हल करने की मांग की।
भाजपा के पूर्व प्रदेश महामंत्री सुरेश जोशी, जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष वीरेंद्र बोहरा की मौजूदगी में प्रदर्शन के बाद इन लोगों ने डीएम एचसी सेमवाल को जल संकट को लेकर ज्ञापन सौंपा। भाजपा नेता जोशी और बोहरा ने कहा कि जल संस्थान के अधिशासी अभियंता के टालमटोल वाले रवैये से शहर में जल संकट अधिक गहराया है। कहा कि अधिशासी अभियंता के सामने लगातार पेयजल संकट का मामला उठाया जा रहा है, लेकिन 150 परिवारों के पानी के संकट को दूर करने के कोई प्रयास नहीं हो रहे हैं। एक परिवार को एक दिन में 50 लीटर भी पानी नहीं मिल रहा है।
कहा कि मेन लाइन से मात्र 700 मीटर हिस्से में रोडवेज वर्कशाप तक दो इंच की लाइन बिछाने से चोरसूला और सिनालपाटा क्षेत्र के जल संकट का समाधान हो सकता है, लेकिन ईई कोई कदम उठाने को तैयार ही नहीं हैं। इन लोगों ने कहा कि एक महीने में यदि चोरसूला, सिनालपाटा क्षेत्र की जल समस्या का समाधान नहीं हुआ तो जल संस्थान के खिलाफ पहले चरण में क्रमिक अनशन, दूसरे चरण में आमरण अनशन शुरू किया जाएगा। प्रदर्शन में सांसद प्रतिनिधि (नगरपालिका) गोलू पाठक, कल्याण सिंह रौतेला, जयप्रकाश देवलाल, शिव सिंह सौन, अनीता गोस्वामी, गीता भट्ट, भारती जोशी, मंजू भट्ट, कमला मेहता, हरिप्रिया धौनी, बारती पांडेय आदि शामिल थे।