ग्राम पंचायत अनोली में घायल विद्युत कर्मी को डोली से लाते ग्रामीण।
- फोटो : PITHORAGARH
गणाईगंगोली (पिथौरागढ़)। वर्ष 2008 में 10 किमी गणाई-खिरमांडे सड़क कटिंग की स्वीकृति मिलने के बाद भी काम शुरू नहीं हो सका है। धपना, फालरो, अनोली, ठंडापानी, ननौली, नैनी, गोदीगाड़ समेत 12 गांव की 15 हजार की आबादी आज भी चार से आठ किमी की पैदल यात्रा कर मुख्य सड़क तक पहुंचती है। ग्रामीण बीमार और बुजुर्गों को डोली या पीठ पर लादकर सड़क मार्ग तक लाते हैं। इसके बाद उन्हें अस्पताल तक पहुंचाया जाता है। सड़क का निर्माण शुरू न होने से 12 गांवों के लोगों में गहरा आक्रोश है। कई बार मिले कोरे आश्वासन पूरे न होने से अब ग्रामीणों का धैर्य जवाब देने लगा है। नाराज ग्रामीणों का कहना है कि सड़क नहीं तो जनप्रतिनिधि भी नहीं। इसलिए उन्होंने इस बार विधानसभा चुनाव के बहिष्कार का एलान कर दिया है।
विद्युत कर्मी को चार किमी डोली में लाए ग्रामीण
गणाईगंगोली (पिथौरागढ़)। अनोली गांव में विद्युत लाइन में खराबी आ गई। इसकी शिकायत ग्रामीणों ने ऊर्जा निगम से की। विद्युत कर्मी बलबीर सिंह लाइन ठीक करने क्षेत्र में पहुंचे। जब वह बिजली पोल में चढ़े तो एकाएक असंतुलित होकर नीचे जा गिरे। इस कारण उनका पैर फ्रैक्चर हो गया और सिर में भी चोटें आईं। इसके बाद ग्रामीण घायल विद्युत कर्मी को डोली से चार किमी दूर ग्वाल तक ले गए। जहां पर घायल कर्मी के परिजन वाहन से उन्हें अस्पताल ले गए। सामाजिक कार्यकर्ता भरत डोबाल ने बताया कि यूपीसीएल के कर्मचारियों को सूचना दी गई, लेकिन सूचना देने के बाद भी कोई नहीं आया। अगर सड़क बन गई होती तो घायल बलबीर को जल्दी इलाज मिल जाता। सड़क न होने से आए दिन घायलों, बीमारों और बुजुर्गों को इसी तरह से डोली में रखकर अस्पताल ले जाना पड़ता है।