घंटाकरण से चंडाक जाने वाली रोड के किनारे मलबा और मिट्टी डालने का क्रम अभी थमा नहीं है। एक महीना पहले एसडीएम अनुराग आर्य ने कहा था कि रात के समय चेकिंग कर सड़क के किनारे मलबा डालने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की चेतावनी के बाद कुछ दिनों तक तो मलबा डालना बंद हो गया लेकिन अब फिर से कुछ लोग रात के समय इस सड़क के किनारे चोरी छिपे मलबा डाल रहे हैं।
घंटाकरण से चंडाक तक की इस सड़क में पिछले साल ही हाटमिक्स हुआ है। यदि सड़क के किनारे मलबा और मिट्टी जमा रहेगी तो हाटमिक्स जल्दी खराब हो सकता है। इस सड़क से रोज सुबह और शाम लोग घूमने के लिए जाते हैं। इस तरह की अव्यवस्था से लोगों में खासी नाराजगी है। उनका कहना है कि यदि प्रशासन सख्ती दिखाता तो लोग इस तरह का साहस नहीं कर पाते।
उपजिलाधिकारी का कहना है कि अब इस रोड में रात के समय लगातार चेकिंग की जाएगी। यदि कोई व्यक्ति इस तरह की हरकत में पकड़ा गया तो उसका चालान काटा जाएगा और सड़क के किनारे की मिट्टी तथा मलबा हटाने का खर्च उसी व्यक्ति से वसूल किया जाएगा।