पिथौरागढ़। नाबालिग को बहला-फुसला कर भगा ले जाने और उसके साथ दुष्कर्म करने के आरोपी चमोली निवासी युवक को पुलिस ने हरिद्वार से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।
11 नवंबर को थल राजस्व पुलिस को एक व्यक्ति ने उसकी नाबालिग बेटी के गायब होने की तहरीर दी थी। तहरीर के आधार पर धारा- 365 में मुकदमा पंजीकृत किया गया था। इसके बाद मामला रेगुलर पुलिस को हस्तांतरित किया गया। एसआई पूजा मेहरा ने मामले की विवेचना शुरू की। 13 नवंबर को पुलिस ने गुमशुदा को चमोली से सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया। नाबालिग ने पूछताछ में बताया कि सौरभ पुरोहित नामक युवक उसे बहला-फुसला कर अपने साथ ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। नाबालिग के बयानों के आधार पर पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धारा- 363/366 /376 और 3/4/5/6 पॉक्सो अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी लोकेश्वर सिंह ने थानाध्यक्ष थल हीरा सिंह डांगी के नेतृत्व में टीम गठन किया। पुलिस टीम ने साइबर, सर्विलांस सेल की मदद से आरोपी सौरभ पुरोहित (23) निवासी ग्राम मटई, पट्टी गंडासू थाना जिला चमोली को हरिद्वार के एक होटल से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।