झूलाघाट (पिथौरागढ़)। अंतरराष्ट्रीय पुल से नेपाल को पशु ले जाने की रोक की वजह से नेपाल के लोग झूलाघाट के आसपास के क्षेत्रों से गाय, बकरी ले जाने के लिए गैर कानूनी तरीके से नदी के रास्ते बड़े-बड़े ट्यूब के सहारे उन्हें सीमा पार करवा रहे हैं। कई बार मवेशी रास्ते में पहाड़ से गिर कर मर जाते हैं। लोगों ने मवेशियों को अवैध तरीके से सीमा पार कराने पर अंकुश लगाने की मांग की है।
नेपाल के लोग झूलाघाट के आसपास के क्षेत्रों से गाय नेपाल ले जाते हैं। गायों को खींचकर संकरे पहाड़ी रास्तों से नीचे नदी की ओर ले जाते हैं। सीमा पर सुरक्षा बलों के होते हुए भी बेजुबान गायों की इस कदर हो रही मौत से लोग भी दुखी है। उनका कहना है कि गो तस्करों पर अंकुश लगाया जाना चाहिए। झूलाघाट निवासी जीवंती पंत ने बताया उन्हें मरणासन्न हाल में गाय मिली है जिसे नेपाल के लोग सिमपानी के पास छोड़ कर भाग गए। उन्होंने ऐसे तत्वों परअंकुश लगाने की मांग की है। संवाद