मुनस्यारी में हेलीपैड के लिए खोदी गई जमीन
- फोटो : अमर उजाला
स्थानीय लोगों ने माइग्रेशन गांव रालम में सरकारी धन के दुरुपयोग का मामला एसडीएम के सामने उठाया है। कहा है कि आठ लाख की लागत के खेल मैदान, हेलीपैड का काम जमीन की खुदाई कर छोड़ दिया गया है। लिंगुरानी में गेस्ट हाउस के सुधारीकरण में अनियमितता का आरोप लगाया है।
पातों के सामाजिक कार्यकर्ता हरीश दरियाल के नेतृत्व में बृहस्पतिवार को युवाओं ने एसडीएम केएन गोस्वामी को ज्ञापन सौंपा। कहा कि पातों के माइग्रेशन गांव रालम में आठ लाख की लागत से खेल मैदान बनाया जाना था। ग्रामीण निर्माण विभाग ने जमीन की खुदाई कर इतिश्री कर ली है। लोनिवि ने हैलीपैड का निर्माण भी पूरा नहीं किया है।
लिंगुरानी में विकासखंड कार्यालय ने बीएडीपी मद से तीन लाख और मनरेगा मद से दो लाख रुपये की रकम गेस्टहाउस सुधारीकरण के काम में खर्च की, लेकिन कार्य में अनियमितता बरती गई है। तीनों कामों को अधूरा छोड़ा गया है। इन लोगों ने तीनों कार्यों की जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन देने वालों में हरीश दरियाल, प्रहलाद दरियाल, हीरा सिंह आदि शामिल थे।