चंडाक रोड में मलबा और पत्थर गिरने से क्षतिग्रस्त कार। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : PITHORAGARH
पिथौरागढ़। शनिवार को पिथौरागढ़ से चंडाक की ओर जा रही एक कार के ऊपर पहाड़ी से पत्थर और भारी मलबा गिर गया। घटना में कार सवार दो लोग बाल-बाल बच गए जबकि पत्थर और मलबे से कार का पिछला हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया।
हरपाल सिंह ने बताया कि शनिवार की सुबह वह कार से घूमने के लिए चंडाक की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान झरने के समीप पहाड़ी से पत्थर और मलबा कार के ऊपर गिर गया।
पत्थर और मलबा कार के पिछले हिस्से में गिरा इसलिए उन्हें कोई चोट नहीं आई। इस घटना में कार का पिछला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है। कार के बीच सड़क पर क्षतिग्रस्त होने से वाहनों की आवाजाही ठप हो गई। इसके बाद कार को सड़क किनारे लगाया गया। घटना की सूचना मिलने के बाद कोतवाली पुलिस ने मौका मुआयना किया। (संवाद)