पिथौरागढ़। यात्री सुविधाओं के विस्तार के दावे कर करोड़ों खर्च कर गंगोलीहाट, अस्कोट और धारचूला में बनाए गए बस स्टेशन भवन, कर्मचारियों के अभाव में सफेद हाथी बन गए हैं। इन स्टेशनों में कोई कर्मचारी तैनात नहीं हैं। ऐसे में ये स्टेशन अराजक तत्वों, लावारिस और जंगली जानवरों का अड्डा बन गए हैं।
उत्तराखंड परिवहन निगम ने जिले में यात्री सुविधाओं के विस्तार के दावे कर गंगोलीहाट, अस्कोट और धारचूला में करीब 20 करोड़ की लागत से बस स्टेशन तैयार किए। तीनों जगहों पर स्टेशन भवनों का निर्माण पूरा हो गया है, लेकिन इन स्टेशनों में न कोई लिपिक है और न ही सुरक्षा कर्मी।
बसों के आने-जाने की कोई जानकारी नहीं मिलने से यात्रियों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। स्टेशनों में यात्रियों के बैठने, पेयजल आदि की कोई व्यवस्था नहीं है।
लावारिस हाल पड़े स्टेशन भवनों में अधिकतर समय अराजक तत्व डेरा जमाए रहते हैं। हर वक्त बंदर, लावारिस पशु इन स्टेशनों के अंदर मंडराते रहते हैं। ऐसे में स्टेशन जाकर बस पकड़ने के बजाय यात्री रास्ते से बस पकड़ना पसंद करते हैं। करोड़ों की लागत से बनाए गए इन स्टेशनों की लावारिस हालत पैसे की बर्बादी नजर आती है।
.............
गंगोलीहाट, अस्कोट और धारचूला में जितने पैसे लगाकर बस स्टेशन बनाए गए, उतने में कई नई बसें आ जातीं। अच्छा होता कि बसों के संचालन से होने वाली कमाई के बाद छोटे-छोटे स्टेशन भवन बनाए जाते और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं दी जातीं। फिलहाल लोगों को निगम की ओर से इन बस स्टेशनों की सुध लेने का इंतजार है।
...............
अस्कोट और धारचूला बस स्टेशन अभी हमारे हैंड ओवर नहीं हुए हैं। गंगोलीहाट बस स्टेशन में कार्मिकों की नियुक्ति के लिए शासन से डिमांड की गई है।
-आरएस कापड़ी, एआरएम, पिथौरागढ़ डिपो