पिथौरागढ़। दिवाली पर जिला अस्पताल में बर्न वार्ड तैयार रहेगा। सभी अस्पतालों में 24 घंटे स्वास्थ्य कर्मी ड्यूटी पर रहेंगे। 108 एंबुलेंस क्रियाशील रहेंगी। यह बात कही डीएम आशीष भटगांई ने। उन्होंने कहा कि दिवाली पर किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य, अग्निशमन, जल निगम, जल संस्थान, यूपीसीएल सहित अन्य विभागों को तैयार रहना होगा।
डीएम आशीष भटगांई ने जिले के लोगों को दिवाली की शुभकामना दी है। उन्होंने कहा कि दिवाली पर पटाखों से झुलसने और आगजनी की आशंका बनी रहती है। ऐसे में सभी अस्पतालों में 24 घंटे आपातकालीन ड्यूटी व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। बर्न वार्ड तैयार रहेंगे और यहां स्वास्थ्य कर्मियों की तैनाती रहेगी। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को बर्न वार्ड में आवश्यक दवा और अन्य सामग्री की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं।
डीएम ने कहा कि अग्निशमन विभाग दिवाली पर हाई अलर्ट पर रहेगा। मुख्य बाजारों, पटाखा बाजारों और पूजा स्थलों पर फायर टेंडर और पानी के टैंकरों की तैनाती रहेगी। उन्होंने कहा कि रोशनी के इस पर्व पर लोगों की सुरक्षा प्राथमिकता है। सभी जिम्मेदार विभागों को इसके लिए गंभीरता दिखानी होगी।
सुचारु रहेगी बिजली व्यवस्था
डीएम ने यूपीसीएल को दिवाली पर बिजली आपूर्ति सुचारु रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि लोड को देखते हुए सभी फीडरों की मॉनिटरिंग करें। शॉर्ट सर्किट की स्थिति में आपातकालीन मरम्मत दल 24 घंटे तत्पर रहेगा। कंट्रोल रूम में रात की ड्यूटी पर तकनीकी कर्मचारी तैनात रहेंगे।
निर्बाध रहेगी पानी की आपूर्ति
डीएम ने कहा कि दिवाली पर पानी की आपूर्ति हर हाल में सुचारु रखी जाए। उन्होंने जल निगम और जल संस्थान को समय रहते सभी पंप हाउस, वॉल्व और पाइपलाइन की जांच करने के साथ ही आपात स्थिति से निपटने के लिए टैंकरों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं।
सीसीटीवी कैमरों से की जाएगी निगरानी
डीएम ने पुलिस विभाग को दिवाली पर बाजारों और अन्य सभी स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि भीड़ वाले स्थानों, मुख्य बाजारों में पर्याप्त पुलिस कर्मी तैनात रहेंगे। महिला पुलिस कर्मियों की भी तैनाती की जाएगी। संदिग्ध लोगों पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरे से लगातार निगरानी की जाएगी।