धारचूला (पिथौरागढ़)। गौरव सेनानी कल्याणी समिति के सदस्यों ने सैनिक शहीद स्मारक और पूर्व सैनिक विश्राम गृह बनाए जाने की मांग को लेकर एसडीएम मंजीत सिंह के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा।
समिति के अध्यक्ष पूर्व कैप्टन भूपाल सिंह रावल ने बताया कि मुनस्यारी और धारचूला तहसील में शहीदों की संख्या 137 है। बताया कि दोनों क्षेत्रों में छह हजार के करीब पूर्व सैनिक हैं। बावजूद इसके अभी तक यहां कोई भी शहीद स्मारक नहीं है। कहा यह शहीदों का अपमान है। दूरदराज के गांवों से पूर्व सैनिक कार्य से तहसील मुख्यालय पहुंचते हैं लेकिन उनके लिए यहां कोई विश्राम गृह नहीं है। इसके चलते उन्हें होटल और अपने रिश्तेदारों के यहां रहने को मजबूर होना पड़ता है। उन्होंने शीघ्र दोनों मांगों पर सकारात्मक कदम उठाने का अनुरोध किया है। ज्ञापन सौंपने वालों में उपाध्यक्ष सूबेदार गगन सिंह थलाल, कोषाध्यक्ष रूप सिंह, उपसचिव किशन रावल, कैलाश सिंह, धन सिंह धामी आदि मौजूद रहे।