पिथौरागढ़। दौली, मासों और सुकौली गांव के बाद अब सीमांत जिले का बुई, कुलथम, बर्नियागांव को भी मुकदमेबाजी मुक्त घोषित किया गया है। यहां के किसी भी ग्रामीण के खिलाफ कोई आपराधिक मामला आज तक दर्ज नहीं हुआ है। ग्रामीणों ने हर विवाद को आपस में सुलझाते हुए समरसता और आपसी सौहार्द की मिसाल पेश की है।
पुलिस सर्वे के आधार पर बुई, कुलथम, बर्नियागांव मुकदमेबाजी मुक्त गांव घोषित किया गया है। इन गांवों से अब तक विवाद का कोई भी मामला थाने या न्यायालय तक नहीं पहुंचा है। किसी भी ग्रामीण के खिलाफ अब तक आपराधिक मुकदमा दर्ज नहीं है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव मंजू देवी ने मुकदमेबाजी मुक्त ग्राम अभियान के तहत मुनस्यारी के बुई, कुलथम और बर्नियागांव के ग्रामीणों व ग्राम प्रधानों को प्रमाण पत्र, स्मृतिचिह्न देकर सम्मानित किया। इस मौके पर बर्नियागांव के ग्राम प्रधान मदन सिंह, बुई के ग्राम प्रधान बाला सिंह, कुलथम की ग्राम प्रधान कमला देवी आदि ग्रामीण मौजूद रहे।