पिथौरागढ़। करवा चौथ पर्व 29 अक्तूबर को मनाया जाएगा। जिले में इसकी तैयारी शुरू हो गई है। करवा चौथ पर आभूषणों का बाजार उछाल मारने लगा है। पतियों ने अपनी जीवनसंगिनी को उपहार देरे के लिए सोने-चांदी के गहनों की बुकिंग शुरू कर दी है। अंदाजा लगाया जा सकता है कि अब तक करवा चौथ पर्व के लिए 10 किलोग्राम सोना और एक क्विंटल चांदी के गहनों की एडवांस बुकिंग हो चुकी है इससे कारोबारियों के चेहरे खिले हैं।
सराफा कारोबारियों के मुताबिक पतियों ने अपनी पत्नियों को उपहार देने के लिए 110 किलो सोने और चांदी से बने गहनों की प्री-बुकिंग की है। स्वर्ण व्यापारी सिर्फ प्री-बुकिंग से सात करोड़ रुपये का करोबार करेंगे। स्वर्ण व्यापारियों के मुताबिक, 10 किलोग्राम यानि पांच करोड़ रुपये के सोने और 100 किलोग्राम यानि दो करोड़ रुपये के चांदी के गहनों की एडवांस बुकिंग मिल चुकी है। मंगलसूत्र, अंगूठी, कड़े, झुमके आदि गहनों की अच्छी बुकिंग मिलने से कारोबारी खुश हैं। पति अपनी पत्नी को लेकर दुकानों में पहुंचकर उनकी पसंद के गहने तैयार करवा रहे हैं। कारोबारियों के मुताबिक, एडवांस बुकिंग के अलावा करवाचौथ पर नगद तरीके से गहने बिकेंगे इसकी पूरी तैयारी कर ली गई है। महिलाओं की पसंद के मुताबिक सभी गहने तैयार किए गए हैं। कारोबारियों ने बताया कि करवाचौथ पर 15 करोड़ से अधिक के कारोबार का अनुमान है।
-
करवा चौथ को लेकर बाजार में रौनक बनी हुई है। महिलाएं भी सोने और चांदी के गहनों को खूब पंसद कर रहीं हैं। पति भी उपहार देने के लिए प्री-बुकिंग करा रहे हैं।
दीपक चौधरी, स्वर्ण व्यापारी, पुरानी बाजार, पिथौरागढ़
-
प्री-बुकिंग के अलावा करवाचौथ पर नगद आभूषण बिकेंगे इसकी पूरी तैयारी है। महिलाओं की पसंद के सभी गहने तैयार हैं। उम्मीद है करवाचौथ पर कारोबार अच्छा रहेगा।
अजय वर्मा, स्वर्ण व्यापारी, पुरानी बाजार, पिथौरागढ़