चंपावत। लोहाघाट विधानसभा क्षेत्र में तीन सड़क कार्यों के लिए शासन ने 1.51 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति दी है। इन कार्यों के तहत पाटी और लोहाघाट विकासखंड में 2.4 किलोमीटर लंबाई के मार्गों का निर्माण, डामरीकरण और सुधारीकरण किया जाएगा। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा बेहतर होने की उम्मीद है।
जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार कार्यक्रम में ग्रामीणों ने क्षेत्र में सड़क निर्माण की मांग की थी। डीएम मनीष कुमार ने संबंधित विभाग को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। लोक निर्माण विभाग ने शासन को सड़क निर्माण के लिए डीपीआर भेजी गई। इसके बाद शनिवार को शासन ने तीन सड़क कार्यों को स्वीकृति दी। इनमें पाटी विकासखंड के ढोलीगांव-पारस-रिखोली मोटर मार्ग के तीसरे किलोमीटर में एक किलोमीटर हिस्से के डामरीकरण और सुधारीकरण के लिए 69.85 लाख रुपये की स्वीकृति मिली है। वहीं, लोहाघाट विकासखंड में एसएच-10 से ढीक तक मोटर मार्ग के निर्माण के दूसरे चरण के स्टेज-1 के लिए 20.31 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं।
इस मार्ग की लंबाई 0.675 किलोमीटर है। इसके अलावा छमनिया चौड़ से सातखाल तक 0.725 किलोमीटर मार्ग के डामरीकरण और सुधारीकरण के लिए 61.34 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है। इन कार्यों के पूरा होने से ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।