पिथौरागढ़ में बाइक रैली को हरी झंडी दिखाते वित्त मंत्री प्रकाश पंत
- फोटो : अमर उजाला
सात सदस्यीय बाइकरों का दल जिले में पर्यटन की संभावनाएं खोजने रवाना हो गया है। यह दल चार दिनों तक धारचूला, मुनस्यारी, बेड़ीनाग, गंगोलीहाट के पर्यटन स्थलों का दौरा करेगा। इस दौरान पर्यटन स्थलों की डॉक्यूमेंट्री बनाई जाएगी। इसके जरिये विभिन्न माध्यमों से पर्यटक स्थलों का प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
पर्यटन विभाग ने बाइकरों के दल के पर्यटन स्थलों के भ्रमण की योजना तैयार की है। इस यात्रा में दल में शामिल तिलक सोनी, संदीप गोस्वामी, अतुल मोदी, राहुल आनंद, सुदीप चक्रवर्ती, दीपक गुप्ता, अंशुल उनियाल पर्यटन स्थलों को अपने कैमरे में कैद करेंगे। बाद में यात्रा के फुटेज पर आधारित एक डॉक्यूमेंट्री तैयार की जाएगी। विभाग की वेबसाइट और सोशल मीडिया के माध्यम से इन स्थलों का प्रचार-प्रसार होगा। यात्रा के दौरान दल पर्यटक स्थलों के विकास की संभावनाओं पर भी काम करेगा।
शनिवार को काबीना मंत्री प्रकाश पंत ने दल को पिथौरागढ़ से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। दल पहले दिन पिथौरागढ़ से मुनस्यारी के लिए रवाना हुआ। इस दौरान डीएम सी रविशंकर, एडीएम मोहम्मद नासिर, एसडीएम सदर, एसके पांडेय, पूर्व पालिकाध्यक्ष राजेंद्र रावत, होटल एसोसिएशन जिलाध्यक्ष राजेंद्र भट्ट, पर्यटन कारोबारी राकेश देवलाल, ललित पंत के साथ पर्यटन विभाग के अधिकारी मौजूद थे।
बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ मुहिम का भी प्रचार करेगा
बाइकरों का दल प्रशासन की बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ मुहिम का प्रचार भी करेगा। इस यात्रा के दौरान सीमांत तक अभियान का संदेश दिया जाएगा। जिले के कई मार्गों से गुजरता हुआ यह दल स्थानीय बाशिंदों को लिंगानुपात की जानकारी देने के साथ ही जागरूक करेगा।