मुनस्यारी की पहाड़ियों में माउंटेन ट्रेल बाइकिंग मंगलवार को भी जारी रहा। साइकिल से खतरनाक पहाड़ियों को पार करते हुए विदेशी प्रशिक्षकों ने लोगों को सोचने के लिए विवश कर दिया। जिन स्थानों पर लोग पैदल चलने में भी घबराते हैं उन पहाड़ियों में साइकिल चलाकर लोगों को हैरत में डाल दिया।
मंगलवार को प्रशिक्षकों ने मुनस्यारी से जैंती, नमजला, डलान, दुम्मर, बचेपुर, रांथी होते हुए मदकोट तक का सफर साइकिल से पूरा किया। विदेशी प्रशिक्षक सेम वर्गीज, एंडे लियोर्ड, पावेल हारिक, हार्वेल डूलेट, रिचर्ड टेलर, माइकल मारिया का कहना है कि लोगों में इस साहसिक खेल के प्रति आत्मविश्वास जगाने के लिए कठिन पगडंडियों में साइकिल दौड़ाई जा रही है।
उत्तराखंड वन विकास निगम की ओर से की गई इस अनूठी पहल को लेकर लोग खासे उत्साहित हैं। वन विकास निगम के अध्यक्ष हरीश धामी ने कहा कि मुनस्यारी में हर साल भारी संख्या में पर्यटक आते हैं। उनको साहसिक गतिविधियों में शामिल कर स्थानीय युवा आजीविका के नए स्रोत बना सकते हैं। मुनस्यारी के लिए यह बड़ी पहल है और आने वाले समय में इसका लाभ मिलेगा। वन विकास निगम के मंडलीय प्रबंधक एमपीएस रावत ने बताया कि अभी दो दिन तक सर्वे का काम चलेगा। उसके बाद इसकी समीक्षा की जाएगी।