पिथौरागढ़ में जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिता के उद्घाटन पर मौजूद लोग
- फोटो : अमर उजाला
केएनयू राजकीय इंटर कॉलेज के खेल मैदान में मंगलवार से जिला स्तरीय खेलकूद और सांस्कृतिक प्रतियोगिता शुरू हो गई है। पहले दिन उद्घाटन के बाद कुछ स्पर्धाएं हुईं। 800 मीटर की सीनियर बालक वर्ग दौड़ में विण के भुवन भट्ट, बालिका वर्ग में गंगोलीहाट की दीपिका, जूनियर बालक वर्ग में विण के हिमांशु लाखा और बालिका वर्ग में कनालीछीना की आरती अधिकारी प्रथम स्थान पर रहीं। 600 मीटर सब जूनियर बालक वर्ग में कनालीछीना के दीपांशु कुमार ने पहला स्थान पाया।
तीन दिन तक चलने वाली प्रतियोगिता में ब्लॉक स्तर पर स्थान पाने वाले खिलाड़ी शामिल हुए हैं। प्रतियोगिता का उद्घाटन जिला पंचायत अध्यक्ष प्रकाश जोशी ने किया। विशिष्ट अतिथि नगरपालिका अध्यक्ष जगत सिंह खाती थे। मुख्य शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार जुकरिया और जिला खेल समन्वयक आनंद रावत ने अतिथियों को बैज लगाया। हर ब्लॉक के खिलाड़ियों ने अपने ध्वज के साथ मार्चपास्ट किया।
उद्घाटन अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी हुए। संचालन सदानंद भट्ट, डॉ. राजेंद्र पाठक, गोविंद भंडारी, भुवन उप्रेती ने किया। प्रधानाचार्य प्रकाश चंद्र पंत ने अतिथियों का आभार जताया। प्रतियोगिता संपन्न कराने में व्यायाम शिक्षक भूपेंद्र चौहान, अर्जुन कुमार, संजय गुप्ता, दिनेश पाटनी, पुष्कर रावत आदि सहयोग दे रहे हैं।