पिथौरागढ़। पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ को जोड़ने वाला बेड़ीनाग-ओगला राजमार्ग जल्द गड्ढा मुक्त होगा। इसके लिए 96 लाख मंजूर हुए हैं। हॉटमिक्स होने से इस सड़क पर आवाजाही सुगम और सुरक्षित होगी।
बेड़ीनाग-ओगला एसएच अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ जिले को आपस में जोड़ता है। इसी एसएच से थल, डीडीहाट, बेड़ीनाग के लोग आवाजाही करते हैं। पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण यह हाईवे बदहाल है जो गड्ढों से पटा है। ऐसे में पर्यटक और यात्री इस हाईवे पर जान जोखिम में डालकर आवाजाही कर रहे हैं। लंबे समय से हाईवे के सुधारीकरण की मांग की जा रही थी। आखिरकार इस हाईवे पर हॉटमिक्स के लिए 96 लाख स्वीकृत हुए हैं। लोनिवि के मुताबिक जल्द ही हाईवे पर हॉटमिक्स कर इसे गड्ढा मुक्त बनाते हुए इस पर आवाजाही सुगम बनाई जाएगी।
सड़क बेहतर होने से बढ़ेंगे पर्यटक
बेड़ीनाग-ओगला हाईवे प्रसिद्ध पाताल भुवनेश्वर और हाट कालिका मंदिर को भी जोड़ता है। सड़क की बदहाली के चलते पर्यटक इन पर्यटक स्थलों में पहुंचने से हाथ पीछे खींच रहे हैं। सड़क का सुधारीकरण होने से पर्यटकों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है इससे जिले का पर्यटन कारोबार भी रफ्तार पकड़ेगा।
कोट
बेड़ीनाग-ओगला सड़क पर हॉटमिक्स करने के लिए धन स्वीकृत हुआ है। टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। जल्द ही सड़क का सुधारीकरण होगा।
अजय थपलियाल, ईई, लोनिवि, डीडीहाट