पिथौरागढ़ में आयोजित बैठक में मौजूद निर्वाचन सेक्टर मजिस्ट्रेट
- फोटो : अमर उजाला
जिला निर्वाचन अधिकारी/डीएम डॉ. रंजीत कुमार सिन्हा ने कहा कि जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेटों को चुनाव अवधि तक निर्वाचन आयोग ने मजिस्ट्रेट के अधिकार दिए हैं। सभी जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेटों का दायित्व है कि वह निर्वाचन को पूर्णतया शांतिपूर्वक, निष्पक्षता और पारदर्शिता से संपन्न कराएं। आदर्श आचार संहिता का अक्षरस: पालन कराएं। उन्होंने कानून व्यवस्था पर नजर बनाए रखने के साथ ही प्रत्येक मतदान केंद्र का रूट चार्ट, नजरी नक्शा बनाने के निर्देश दिए।
राजकीय संग्रहालय के प्रेक्षागृह में आयोजित प्रशिक्षण शिविर में जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि प्रत्येक गांव के कम से कम 10 व्यक्तियों के मोबाइल फोन नंबर पास रखें, ताकि आवश्यक सूचनाएं प्राप्त की जा सकें। डा. सिन्हा ने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही सहन नहीं की जाएगी। उन्होंने जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेटों को अधिकार क्षेत्र के सभी मतदान केंद्रों का निरीक्षण करने के साथ ही वोटर लिस्ट में नाम दर्ज कराने से रह गए लोगों का नाम निर्वाचन सूची में दर्ज कराने के निर्देश दिए।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी/सीडीओ आशीष कुमार चौहान ने निर्वाचन हैंडबुक का भलीभांति अध्ययन करने और दिए गए दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। शत प्रतिशत मतदान के लिए मतदाता को जागरूक करने के साथ ही 24 घंटे मोबाइल फोन चालू रखने के साथ ही एक वैकल्पिक नंबर रखने के निर्देश दिए। एडीएम मो. नासिर, मास्टर ट्रेनर सीईओ अशोक कुमार जुकरिया, मास्टर ट्रेनर परियोजनाधिकारी उरेडा अखिलेश शर्मा, अतिरिक्त मास्टर ट्रेनर मुख्य कृषि अधिकारी अभय सक्सेना ने सेक्टर और जोनल मजिस्ट्रेटों को विभिन्न जानकारी दी। प्रशिक्षण में 11 जोनल, 167 सेक्टर मजिस्ट्रेटों समेत तमाम अधिकारी मौजूद थे।