लोहाघाट (चंपावत)। बिशंग में आयोजित मिनी ओलंपिक खेल के तहत यूनिटी कप सीजन 3 फुटबाल प्रतियोगिता का बाणासुर राजपूत विजेता बन गया है। एकतरफा मुकाबले में बाणासुर राजपूत ने ढेक इलेवन को हराया। बिशंग के टांण खेल मैदान में आयोजित प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला बाणासुर राजपूत और ढेक इलेवन के बीच हुआ। बाणासुर राजपूत की टीम शुरुआत से ही ढेक इलेवन पर हावी रही। खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन कर एक के बाद एक चार गोल दाग दिए। ढेक इलेवन की टीम गोल करने में नाकाम रही।
बाणासुर राजपूत ने 4-0 गोल से शानदार जीत दर्ज का ट्राॅफी में कब्जा जमाया। रेफरी अतुल कार्की और लाइन मैन यश करायत और अतुल फर्त्याल रहे।
आयोजक मंडल में पूर्व विधायक पूरन सिंह फर्त्याल और हर्षित फर्त्याल ने बताया कि युवाओं को नशे से दूर रहने के उद्देश्य से वर्ष 2021 से मिनी ओलंपिक के तहत खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाता रहा है।
उन्होंने बताया कि फुटबाल में विजेता टीम को ट्राॅफी के साथ 31 हजार और उपविजेता टीम को 21 हजार रुपये की नकद धनराशि और ट्राॅफी प्रदान की गई। यहां नरेश करायत, शांभवी मुरारी, नेहा मुरारी, सुषमा फर्त्याल, आयुष फर्त्याल, सोम करायत, अतुल फर्त्याल, कपिल मुरारी आदि थे।