पिथौरागढ़। डीएम रीना जोशी ने जिला कार्यालय में जिला गंगा समिति के साथ बैठक की। उन्होंने नदियों में दूषित जल, अपशिष्ट कचरा और अन्य प्रकार की गंदगी प्रवाहित करने पर रोक लगाने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
बुधवार को हुई बैठक में डीएम रीना जोशी ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े वीडीओ को निर्देश दिए कि नदी घाटोंं पर नियमित साफ सफाई की व्यवस्था बनाए रखें। प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक पर रोक लगाई जाए। थल, रामगंगा नदी और अन्य नदियों, घाटों की नियमित सफाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने ईओ नगर पालिका से सिंगल यूज प्लास्टिक पर रोक लगाने के लिए समय-समय पर छापामार कर चालान की कार्रवाई करने को कहा।
डीएम ने कहा कि नगर के कुछ सब्जी विक्रेता काली पॉलीथिन में ग्राहकों को सब्जियां बेच रहे हैं। इस पर उन्होंने नाराजगी जताई। उन्होंने सिंगल यूज प्लास्टिक पर रोक लगाने के लिए टीम का गठन कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। डीएम ने ग्रामीण निर्माण विभाग को जिले घाटों पर स्थापित शवदाह स्थलों पर शेड बनाने के लिए प्रस्ताव तैयार करने को कहा। बैठक में डीएफओ आशुतोष सिंह, डीडीओ रमा गोस्वामी, आईटीबीपी के लाइजनिंग अधिकारी महेश जोशी, अधिशाषी अधिकारी नगर पालिका पिथौरागढ़ राजदेव जायसी मौजूद रहे।