धारचूला (पिथौरागढ़)। सीमांत में बदहाल संचार सेवा से लोगों में आक्रोश है। नाराज लोगों ने बीएसएनएल का पुतला फूंककर आक्रोश जताया। उन्होंने व्यवस्थाओं में शीघ्र सुधार के लिए आंदोलन की चेतावनी दी है।
जिला पंचायत सदस्य सुरेश सिंह जेठा के नेतृत्व में कई युवा शुक्रवार को धारचूला बाजार में एकत्र हुए। उन्होंने यहां बीएसएनएल के खिलाफ नारे लगाकर प्रदर्शन कर पुतला दहन किया।
उन्होंने कहा कि सीमांत धारचूला के दारमा, चौदास सहित रांथी, जुम्मा, खेला, खेत, सोबला आदि क्षेत्रों की 40 हजार से अधिक की आबादी बीएसएनएल के भरोसे है, लेकिन दो महीने से अधिक समय से बीएसएनएल की सेवा धारचूला में चरमराई है।
अन्य कंपनियों के नेटवर्क न होने से ग्रामीणों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि यदि बीएसएनएल संचार सेवा नहीं दे सकता तो ऐसे कार्यालय को धारचूला में बंद कर देना चाहिए और निजी संचार कंपनियों को काम देना चाहिए।
छात्रसंघ के अध्यक्ष सागर सिंह बिष्ट ने कहा कि युवाओं को संचार सेवा में बाधा के कारण हर काम में परेशानी हो रही है। कई बार मांग करने पर भी सरकार संचार सेवा नहीं सुधार रही है।
उन्होंने कहा कि सीमांतवासी इस अनदेखी को बर्दाश्त नहीं करेंगे। इस दौरान मयंक पुरोहित, प्रेम सिंह, मोहन सिंह, सोहन सिंह, शंकर सिंह, देवेंद्र सिंह, नरेंद्र देव, संजय खत्री, राजेंद्र धामी आदि रहे।