थल (पिथौरागढ़)। डॉ. बीरेंद्र सिंह जंगपांगी मिनी स्टेडियम में थल चैंपियन फुटबॉल टूर्नामेंट जारी रहा। सोमवार को प्रतियोगिता का तीसरा क्वार्टर फाइनल मुकाबला खेला गया। एकतरफा हुए मुकाबले में बांसबगड़ की टीम ने रांथी, मुनस्यारी को 4-1 से हराकर सेमीफाइन में प्रवेश किया। बांसबगड़ अंतिम चार में पहुंचने वाली तीसरी टीम बन गई है।
क्वार्टर फाइनल मैच में बांसबगड़ की टीम ने अंत तक दबदबा बनाए रखा। मध्यांतर तक बांसबगड़ की टीम ने दो गोल किए और रांथी की टीम को गोल करने का कोई मौका नहीं दिया। मध्यांतर के बाद रांथी की टीम ने एक गोल कर वापसी का प्रयास किया लेकिन बांसबगड़ ने लगातार दो गोल कर विपक्षी टीम की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। बांसबगड़ के चेतन, बिज्जी, प्रांजल और नीलेश ने बेहतर तालमेल दिखाते हुए अपनी टीम के लिए एक-एक गोल किया। रोनी सोरियाल, लाइनमैन सुमित गिरी और राकेश मेहरा ने रेफरी की भूमिका निभाई। इस मौके पर आयोजन समिति के अध्यक्ष अमित सत्याल, उपाध्यक्ष राजा जोशी, सचिव प्रथम बिष्ट, उप सचिव अमन सत्याल, महामंत्री अनिल सिंह कार्की, संजय साह सहित कई खेल प्रेमी मौजूद रहे।