पिथौरागढ़। सोरघाटी में नगरपालिका की ओर से आयोजित बाल मेले का रंगारंग शुभारंभ हो गया है। मेला देखने के लिए दर्शकों की भीड़ उमड़ रही है।
रविवार को देव सिंह मैदान से स्कूली बच्चों ने ढोल-नगाड़ों के साथ हिलजात्रा, गौरा-महेश्वर, राधा-कृष्ण, मां दुर्गा सहित झोड़ा-चांचरी और स्वच्छता से संबंधित भव्य झांकियां निकालीं। झांकी सिल्थाम से गांधी चौक, सिमलगैर होते हुए मेला स्थल रामलीला मैदान पहुंची। यहां मुख्य अतिथि केएमवीएन अध्यक्ष केदार जोशी, पालिकाध्यक्ष राजेंद्र रावत ने दीप प्रज्ज्वलित कर और मां महाकाली की मूर्ति का अनावरण कर मेले का शुभारंभ किया। इस मौके पर केदार जोशी ने कहा कि बाल मेले से बच्चों को अपनी सांस्कृतिक विरासत से रूबरू होने का अवसर मिलेगा। पालिकाध्यक्ष रावत ने कहा कि बाल मेले का उद्देश्य बच्चों को अपनी बोली-भाषा से जोड़ने और उनके अंदर छुपी प्रतिभा को उचित मंच दिलाना है।
उन्होंने बताया कि चार दिनी मेले के दौरान स्कूली बच्चों के विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। रात मेें लोक कलाकारों द्वारा भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए जाएंगे। मेले में बच्चों के मनोरंजन के लिए झूले भी लगाए गए हैं। शाम को मां महाकाली की भव्य महाआरती की गई।
प्रकाश रावत एंड पार्टी, रमेश जगरिया, पुष्कर महर, मां शारदे सांस्कृतिक समिति की ओर से एक से बढ़कर एक कार्यक्रम पेश किए गए। संचालन कै. दीवान सिंह वल्दिया, जनार्दन उप्रेती और बच्चों ने किया। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष विरेंद्र वल्दिया, महेंद्र लुंठी, ईओ मनोज दास, राजेश शर्मा, सभासद किशन खड़ायत, अनिल जोशी, जेई उमेश अवस्थी, एनबी पांडेय समेत दर्जनों लोग मौजूद रहे।
पिथौरागढ़ में बाल मेले के शुभारंभ से पहले निकली झांकी में दही मथने की ठेकी के साथ बालिका। अमर उजा?- फोटो : PITHORAGARH
पिथौरागढ़ में बाल मेले के शुभारंभ से पहले गल्या बैल बने बच्चे। अमर उजाला- फोटो : PITHORAGARH