पिथौरागढ़ के खेल मैदान में अतिथियों के साथ क्रिकेट टीम।
- फोटो : PITHORAGARH
जिला खेल कार्यालय की ओर से आयोजित अंडर 17 क्रिकेट प्रतियोगिता में एशियन एकेडमी और स्टेडियम ट्रेनीज की टीम फाइनल में पहुंच गई है।
स्पोर्ट्स स्टेडियम में शनिवार को मुख्य अतिथि जिला युवा कल्याण अधिकारी प्रशांत कुमार और एलआईयू के एसआई कुंवर प्रताप सिंह धामी ने खिलाड़ियों से परिचय किया। पहले सेमीफाइनल में सोरवैली ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 15 ओवर में सभी विकेट खोकर 67 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी एशियन एकेडमी ने सात ओवर में दो विकेट के नुकसान पर 68 रन बनाकर फाइनल में प्रवेश किया। दूसरे सेमीफाइनल मैच में स्टेडियम ट्रेनीज ने सिटी पब्लिक स्कूल की टीम को 90 रनों से हराया।
विजेता टीमों के बीच फाइनल मुकाबला रविवार (आज) को खेला जाएगा। निर्णायक दीपक कुमार, सौरभ भंडारी और स्कोरर पीयूष राज रहे। आंखों देखा हाल नीरज सौन ने सुनाया। इस मौके पर जिला क्रीड़ाधिकारी संजीव पौरी, भुवन चंद्र पंत, मनोज पुनेठा, आनंद सिंह रावत, मनोज रावत, हरीश चंद, किशन सिंह, दिनेश बिष्ट, तनुजा कन्याल, सुनील कुमार आदि रहे।