पिथौरागढ़-धारचूला हाईवे पर पलेटा के पास बने गड्ढे। संवाद
पिथौरागढ़। जिले के प्रमुख हाईवे को गड्ढा मुक्त करने के दावे पहले ही दिन हवाई साबित हुए हैं। इसके लिए तय तारीख निकल गई लेकिन चीन सीमा के साथ आदि कैलाश को जोड़ने वाले प्रमुख हाईवे पर गड्ढे अब भी नहीं भर सके हैं।
इस बीच कई अधिकारियों के साथ ही केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री भी इस सड़क से गुजरे लेकिन किसी की भी नजर गड्ढों पर नहीं पड़ी जो पूरे सिस्टम की गंभीरता पर सवाल खड़े कर रही है।
शासन से मिले निर्देश के मुताबिक, 31 अक्तूबर तक सभी प्रमुख एनएच, एसएच और जिला मार्गों पर गड्ढे भरने थे। इन सड़कों को गड्ढा मुक्त करने के दावे और निर्देश हवाई साबित हुए हैं। संवाद न्यूज एजेंसी ने तय तारीख के एक दिन बाद एक अक्तूबर को जिले की प्रमुख सड़कों की पड़ताल की।
सामने आया कि अब भी जिले का प्रमुख पिथौरागढ़-धारचूला हाईवे गड्ढा मुक्त नहीं हो सका है। पलेटा, पनखोली, ढूसाखान मंदिर सहित अन्य स्थानों पर अब भी गड्ढे बने हैं इन्हें पाटा ही नहीं गया। सिर्फ हाईवे के कुछ स्थानों पर गड्ढे भरकर जिम्मेदारी निभाई गई है। ˘
हैरानी है कि दो दिन पूर्व ही इस सड़क से होकर केंद्रीय सड़क एवं परिवहन राज्य मंत्री आदि कैलाश क्षेत्र में आयोजित होने वाली अल्ट्रा मैराथन में भाग लेने गए। वहीं जिले के आला अधिकारी भी इसी सड़क से होकर गुंजी पहुंचे हैं।
किसी की भी नजर इन गड्ढों पर नहीं पड़ी और ये पूरे सिस्टम की लापरवाही और खोखले दावों की पोल खोल रहे हैं। दो नवंबर यानि आज अल्ट्रा मैराथन के समापन के बाद सभी इसी सड़क से लौटेंगे। किसी की नजर इन गड्ढों पर पड़ेगी और ये भरे जाएंगे, सबकी नजर इस पर टिकी है।