डीडीहाट (पिथौरागढ़)। सोमवार को डीडीहाट के रामलीला मैदान में पूर्व यूथ कांग्रेस अध्यक्ष आनंद रावत ने मैंगो पार्टी का आयोजन किया। कार्यकर्ताओं सहित क्षेत्र के लोगों ने उनके साथ रसीले आम का लुत्फ उठाया। चुनावी साल में इस मैंगो पार्टी के राजनीतिक निहितार्थ निकाले जा रहे हैं।
पूर्व सीएम हरीश रावत के पुत्र आनंद रावत की एंट्री से डीडीहाट विधानसभा लंबे समय से चर्चाओं में है। पिता हरीश रावत ने चूख, काफल और ककड़ी की जो परंपरा शुरू की पुत्र आनंद भी इसी नक्शे कदम पर चल रहे हैं। सोमवार को आम पार्टी के दौरान आनंद रावत ने कहा कि यह सीजन फलों के राजा आम का है। आम पार्टी का मुख्य उद्देश्य आमजन के साथ संवाद करना है।
आयोजन में नगर पालिका अध्यक्ष गिरीश चुफाल, प्रदीप पाल, दीवाकर पांगती, ललित भंडारी, चंचल चौहान, विक्रम देउपा, कविंद्र शाही, मोहन राम, चंचल बोरा, प्रकाश बोरा, सुजाता देवी, सिमरन धपवाल, पुष्पा भंडारी, गुड्डी देवी, उमेद राम शामिल रहे।
स्थानीय दावेदारों की बढ़ रही चिंता
डीडीहाट विधानसभा में चुनाव लड़ने के लिए कई दावेदार लाइन में हैं। चर्चा है कि चुनाव से पहले इस सीट से कांग्रेस के छह से अधिक नेता दावेदारी कर सकते हैं। डीडीहाट में आनंद रावत की सक्रियता से साफ है कि वह आगामी विधानसभा चुनाव में इस सीट से अपनी दावेदारी पेश कर सकते हैं।