पूर्व भारतीय फुटबॉल खिलाड़ी अनादी बरूवा के मुनस्यारी पहुंचने पर स्वागत किया गया।
- फोटो : PITHORAGARH
पूर्व अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल खिलाड़ी, विशेषज्ञ उद्घोषक और राष्ट्रीय भारतीय महिला फुटबॉल टीम के कोच रहे अनादि बरुवा उत्तराखंड में जल्द फुटबाल एकेडमी खोलेंगे। इसके अलावा मुनस्यारी में भी कैंप लगाकर खिलाड़ियों का हुनर निखारने का काम करेंगे। मुनस्यारी के जोहार क्लब पहुंचे अनादि बरुआ ने भविष्य की योजनाओं चर्चा की।
अनादि बरुआ जोहार क्लब के फुटबाल खिलाड़ियों से काफी प्रभावित नजर आए। जोहार क्लब के संरक्षक केदार मर्तोलिया ने बताया कि अनादि ने कहा कि यहां के बच्चों में काफी स्टेमिना है, जो फुटबाल के खेल के लिए सबसे अहम है। उन्होंने बताया कि दिल्ली में उनकी फुटबाल एकेडमी है। अब उनका विचार देहरादून में एकेडमी खोलने का है।
उन्होंने बताया कि कुमाऊं में भी वह समय-समय पर फुटबाल कैंप लगाएंगे। अनादि ने क्लब के खिलाड़ियों को खेल सामग्री भी बांटी और कहा कि खिलाड़ियों की प्रतिभा निखारने में जो भी मदद की जरूरत होगी वह तैयार हैं। इससे पहले मुनस्यारी के अध्यक्ष खुशाल धर्मशक्तू ने अनादि को स्मृति चिह्न भेंट किया और शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।
मनोहर सिंह रावत के प्रयासों से ही वह मुनस्यारी आए हैं, जिसके लिए जोहार क्लब ने दोनों का आभार जताया। इस दौरान जोहार क्लब के संरक्षक केदार मर्तोलिया, रवि बृजवाल, गगन पांगती आदि रहे।