भारी वर्षा के कारण घाट-पनार रोड़ में बोल्डर आने से बंद सड़क में फंसे यात्री
- फोटो : amar ujala
बुधवार तड़के बारिश के दौरान मलबा आने से पिथौरागढ़-अल्मोड़ा रोड तीन घंटे तक बद रही। पनार के पास सुबह पांच बजे भारी मात्रा में मलबा और बोल्डर सड़क पर आ गए थे। इस कारण अल्मोड़ा से पिथौरागढ़ को आ रहे और पिथौरागढ़ से अल्मोड़ा, हल्द्वानी को जा रहे वाहन पनार में ही फंसे रह गए। जिला आपदा प्रबंधन कार्यालय ने इसकी जानकारी लोनिवि के अधिकारियों को दी। लोनिवि ने जेसीबी लगाकर सुबह आठ बजे सड़क पर गिरा मलबा हटाया। उसके बाद यातायात सामान्य हो गया।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी डा. आरएस राणा ने बताया कि मलबा हटाने का काम काफी तेजी से किया गया। पिथौरागढ़-अल्मोड़ा रोड पर सुबह से ही वाहनों की आवाजाही शुरू हो जाती है। हल्द्वानी और अल्मोड़ा को जाने वाले वाहन सुबह ही यहां से निकल जाते हैं। अभी से रोड पर मलबा गिरने से यात्रियों की परेशानी बढ़ने लगी है। वहीं, घाट-पनार सड़क बंद होने की सूचना पर लोहाघाट के तहसीलदार एलएम तिवारी भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि लोहाघाट और पिथौरागढ़ से एक-एक जेसीबी मंगाकर बंद सड़क को खोला गया।
एनएच के अभियंता एनसी पांडेय के नेतृत्व में एनएच और लोनिवि कर्मियों ने जेसीबी की मदद से सड़क पर पड़े बोल्डरों को हटाया, इसके बाद यातायात सामान्य हो सका। उधर, बारिश के दौरान मलबा गिरने के कारण जाखपुरान-मेलडुंगरी रोड पर भी यातायात बाधित हो गया है। लोनिवि ने सड़क पर से मलबा हटाने का काम शुरू कर दिया है। बृहस्पतिवार से इस सड़क पर यातायात सामान्य हो जाएगा।
मुनस्यारी की चोटियों पर हिमपात
पिथौरागढ़/मुनस्यारी। जिला मुख्यालय में बुधवार सुबह कुछ देर तक रिमझिम बारिश से तापमान में गिरावट आ गई। मुनस्यारी में मंगलवार को देर शाम तक बारिश होती रही। थल, मुवानी घाटी में भी रात के समय जमकर बारिश हुई। मुनस्यारी के पास पंचाचूली, हंसलिंग, राजरंभा की चोटियों पर लगातार हिमपात जारी है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे में कई हिस्सों में बारिश और अंधड़ चलने की आशंका जताई है। कुछ इलाकों में असामान्य बारिश की आशंका को देखते हुए जिला आपदा प्रबंधन कार्यालय ने अलर्ट जारी कर दिया है।