पिथौरागढ़-तवाघाट एनएच पर बंदरलीमा के पास फंसे वाहन और यात्री
- फोटो : amar ujala
पिथौरागढ़-तवाघाट एनएच पर बुधवार को बंदरलीमा के पास चट्टान टूटकर गिरने से यातायात छह घंटे तक बंद रहा। सीमा सड़क संगठन ने चट्टान हटाने के लिए दोनों तरफ से जेसीबी लगाई। दर्जनों वाहन और सैकड़ों यात्री रोड बंद होने के कारण फंसे रहे। लोगों में बार-बार रोड बंद होने को लेकर भारी गुस्सा है।
बताया गया कि एनएच पर बंदरलीमा के पास बुधवार सुबह 10.30 बजे अचानक चट्टान दरककर मुख्य सड़क पर आ गई। सौभाग्य से उस समय रोड पर कोई वाहन नहीं चल रहा था। रोड बंद होते ही धारचूला, जौलजीबी, मुनस्यारी, मदकोट, डीडीहाट, भागीचौरा से पिथौरागढ़ को जाने वाले वाहन और पिथौरागढ़ से इन स्थानों को जाने वाले वाहन फंस गए। यात्रियों ने दूसरी तरफ से आकर आगे का सफर किया। सीमा सड़क संगठन के द्वितीय कमान अधिकारी आरबी अग्रवाल और साइड इंचार्ज विशन सिंह पिंगल ने बताया कि पहाड़ी से बड़ी चट्टान सड़क पर आ गई थी। साढ़े चार बजे चट्टान को हटाया जा सका।
इधर, यात्रियों में रोज सड़क बंद होने को लेकर भारी गुस्सा है। उनका कहना है कि कम से कम सुबह और शाम के समय सड़क कटिंग का काम नहीं किया जाना चाहिए। यदि सीमा सड़क संगठन को चट्टान तोड़नी हो तो इसके लिए रात का समय तय किया जाए। सीमा सड़क संगठन पिछले पांच वर्षों से पिथौरागढ़-तवाघाट सड़क के चौड़ीकरण का काम कर रहा है, लेकिन अब तक काम पूरा नहीं हुआ। अक्सर रोड बंद होने से यात्रियों को भारी दिक्कत होती है।