पिथौरागढ़ में एफएम ट्रांसमीटर का शिलान्यास करती केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी
- फोटो : अमर उजाला
अल्मोड़ा और चंपावत को जल्द ही कमजोर रेडियो फ्रीक्वेंसी की समस्या से निजात मिलेगी। केंद्र सरकार ने दोनों जिलों को आधुनिक एफएम ट्रांसमीटर की सौगात दी है। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री स्मृति जुबिन ईरानी ने पिथौरागढ़ में इन योजनाओं का शिलान्यास किया। इसके साथ ही पिथौरागढ़ में तीन माह के भीतर एफएम रेडियो स्टेशन स्थापित करने की भी घोषणा की।
केंद्रीय मंत्री ने शुक्रवार को पिथौरागढ़ दौरे के बीच जिला पंचायत सभागार में अल्मोड़ा और चंपावत के लिए एफएम योजनाओं का शिलान्यास किया। इसके तहत अल्मोड़ा में पांच और एक केवी के दो एफएम ट्रांसमीटर, जबकि चंपावत में एक केवी क्षमता का ट्रांसमीटर लगाया जाएगा। अब तक अल्मोड़ा और चंपावत में मीडियम वेब की रेडियो तरंगों के माध्यम से सेवाओं का प्रसारण हो रहा है। ईरानी ने पिथौरागढ़ में एफएम रेडियो स्टेशन स्थापित करने की भी घोषणा की। उन्होंने प्रसारण अधिकारियों को पिथौरागढ़ में तीन माह के भीतर स्टेशन खोलने के निर्देश दिए।
ईरानी ने विश्वास जताया कि अल्मोड़ा और चंपावत एफएम को क्षमतायुक्त संसाधन मिलने से सेवाओं की गुणवत्ता बढ़ेगी। दूसरी ओर पिथौरागढ़ में रेडियो स्टेशन खुलने से जिले को भी एफएम सेवाओं का लाभ मिलेगा। इस दौरान केंद्रीय राज्यमंत्री अजय टम्टा, जिले के प्रभारी मंत्री सुबोध उनियाल, चंपावत विधायक कैलाश गहतोड़ी, महानिदेशक सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के महानिदेशक एफ सहरयार, अपर महानिदेशक ओम कुमार शर्मा, उप महानिदेशक आदित्य चतुर्वेदी आदि थे।
अल्मोड़ा आकाशवाणी में स्थानीय प्रतिभाओं को मिलेगा मंच
अल्मोड़ा आकाशवाणी के माध्यम से स्थानीय प्रतिभाओं को मंच मिलेगा। आकाशवाणी सुबह और शाम एक-एक घंटा स्थानीय प्रतिभाओं के कार्यक्रमों की प्रस्तुति देगा। स्थानीय भाषाओं में भी कार्यक्रम पेश किए जाएंगे। स्मृति ईरानी ने विविध भारती के अधिकारियों को इस संबंध में निर्देश दिए हैं।