फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Pithoragarh News: बिना सड़क के ख्राली होने के कगार पर पहुंचा आलम दारमा गांव

Tue, 25 Feb 2025 11:33 PM IST
हल्द्वानी ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, पिथौरागढ़
विज्ञापन
विज्ञापन
पिथौरागढ़/बंगापानी। वर्षों गुहार लगाने के बावजूद सड़क नहीं बनने से आलम दारमा गांव का आलम यह है कि अब यह वीरान होने के कगार पर है। गांव में कभी 50 परिवार रहते थे लेकिन यहां के बदहाल रास्तों से खिन्न होकर 30 अधिक घर खाली हो चुके है। इनमें रहने वाले ग्रामीण माटी को छोड़कर अन्यत्र बस चुके हैं। अगर जल्द यहां के लिए रोड नहीं बनी तो बचे-खुचे लोग भी गांव छोड़ने के लिए मजबूर हो जाएंगे।
विज्ञापन




बंगापानी तहसील के आलम दारमा गांव में अब सिर्फ 20 परिवार हैं। ग्रामीणों को 10 किमी की खड़ी चढ़ाई चढ़नी पड़ती है। सबसे अधिक परेशानी गर्भवतियों और मरीजों को रोड हेड तक पहुंचाने में होती है। ग्रामीणों को जरूरी सामान पीठ पर लादकर ले जाना पड़ता है। यहां रह रहे लोगों का कहना है कि यदि सड़क नहीं पहुंची तो वे भी गांव छोड़ने के लिए मजबूर हो जाएंगे।



23 वर्ष पूर्व स्वीकृत हुई थी सड़क विवादों में अटकी

बंगापानी। आलम दारमा के लिए वर्ष 2002 में मदकोट-झूनामानी के लिए पीएमजीएसवाई से सड़क को स्वीकृति मिली थी। विवाद के कारण तब सड़क झूनामानी से आगे नहीं बन पाई। ग्रामीणों ने बताया कि पीडब्ल्यूडी डीडीहाट बंगापानी से दारमा के लिए सड़क बना रही है। इसकी कटिंग सात किमी तक ही की गई है। गांव के अंतिम छोर तक पांच किमी सड़क की जरूरत है।
विज्ञापन




बोले ग्रामीण

वर्षों से सड़क की मांग कर रहे हैं लेकिन हमारी नहीं सुनी जा रही है। सक्षम परिवार सड़क न होने से पहले ही पलायन कर चुके हैं। यदि सड़क होती तो निश्चित तौर पर ग्रामीण पलायन नहीं करते। - भवान सिंह, ग्रामीण।




सड़क न होने से कई तरह की दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं। बीमारों और गर्भवतियों की जान बचाना मुश्किल हो जाता है। पैदल रास्ते भी बदहाल हैं। ऐसे में हमने गांव छोड़ने का मन बनाया है। -खुशाल सिंह, ग्रामीण।





सड़क नहीं होने से पैदल चलना पड़ता है। परेशानी के कारण कई परिवार पलायन कर चुके हैं। आवागमन में खाई में गिरने का भय बना रहता है। आलम दारमा गांव तक सड़क का निर्माण किया जाना चाहिए। - हंसा देवी, उपप्रधान, आलम-दारमा,





ग्रामीणों को सरकार पर भरोसा नहीं है। पहले से कटिंग की गई सात किमी सड़क के हाल बेहद खराब हैं। कई जगहों पर ध्वस्त है। विभाग को उसको ठीक करने के साथ-साथ गांव तक सड़क पहुंचाना चाहिए। इससे गांव से प्रतिवर्ष हो रहे पलायन को रोका जा सकता है। - खड़क सिंह, ग्रामीण


कोट
जो भी गांव सड़क से नहीं जुड़ पाए हैं उन गांवों में सर्वे का कार्य किया जाना है। जल्द ही आलम-दारमा गांव तक सड़क के लिए सर्वे किया जाएगा। - दीपक सैनी, सीडीओ पिथौरागढ़
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें